ऑपरेशन “नन्हे फरिश्ते” के तहत आरपीएफ ने नाबालिग बालक का किया सकुशल रेस्क्यू

रांची: रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) पोस्ट, रांची ने “ऑपरेशन नन्हे फरिश्ते” के तहत एक 12 वर्षीय नाबालिग बालक का सफलतापूर्वक रेस्क्यू कर उसे सुरक्षित चाइल्डलाइन के सुपुर्द कर दिया। यह कार्रवाई रांची रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-3 पर नियमित जांच और गश्त के दौरान की गई।
गश्त के दौरान आरपीएफ के शिफ्ट अधिकारी और स्टाफ की नजर एक नाबालिग बालक पर पड़ी, जो अकेला और संदिग्ध परिस्थितियों में स्टेशन पर घूम रहा था। पूछताछ में बालक ने अपना नाम करण कुमार (12 वर्ष), पिता रतनेश राय बताया। उसने अपना मूल निवास हसनपुर, थाना महादीनगर, जिला समस्तीपुर (बिहार) तथा वर्तमान पता लालपुर, डिस्टनरी भवन, भवन संख्या-10, रांची बताया।
प्रारंभिक पूछताछ में बालक ने बताया कि उसकी मां द्वारा बार-बार डांटने के कारण वह बिना किसी को बताए घर से निकल आया था। बालक की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए आरपीएफ टीम उसे अपने संरक्षण में लेकर आरपीएफ पोस्ट, रांची पहुंची। आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उसे समुचित देखभाल, संरक्षण और पुनर्वास के लिए विधिसम्मत प्रक्रिया के तहत चाइल्डलाइन, रांची को सुरक्षित सौंप दिया गया।
इस सराहनीय अभियान में उप निरीक्षक सुनीता तिर्की, सहायक उप निरीक्षक सुरेन्द्र कुमार तथा प्रधान आरक्षक पीसी महतो की महत्वपूर्ण भूमिका रही। आरपीएफ ने एक बार फिर “ऑपरेशन नन्हे फरिश्ते” के माध्यम से संकट में फंसे बच्चों की सुरक्षा और संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का परिचय दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *