रन फॉर झारखंड में दौड़ा बोकारो 

बोकारो – आगामी 15 नवंबर  को झारखंड स्थापना के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर बोकारो जिला प्रशासन की ओर से मंगलवार शाम रन फॉर झारखंड का भव्य आयोजन किया गया। चास के गरगा चेकपोस्ट से लेकर धर्मशाला मोड़ तक सैकड़ों लोगों ने कदम मिलाकर झारखंड की एकता, समरसता और विकास का संदेश दिया।उक्त कार्यक्रम में  बोकारो उपायुक्त  अजय नाथ झा, उप विकास आयुक्त  शताब्दी मजूमदार,चास  एसडीओ  प्रांजल ढ़ांडा सहित जिले के विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी, प्रखंड एवं अनुमंडल स्तरीय अधिकारी, स्कूली बच्चे, व्यापारी वर्ग, खिलाड़ी, नेहरू युवा केंद्र, चेंबर ऑफ कॉमर्स के प्रतिनिधि, एन.सी.सी – सिविल डिफेंस, समाज कल्याण विभाग के कर्मी तथा सामाजिक संस्थाओं के सदस्य शामिल हुए। इस अवसर पर उपायुक्त  अजय नाथ झा ने कहा कि हम सब झारखंड के विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं। यह रजत जयंती वर्ष हमारे लिए गौरव का अवसर है। आगामी तीन दिनों तक राज्य स्थापना दिवस के कार्यक्रमों की श्रृंखला चलेगी, और हम सब अगले एक वर्ष तक बोकारो के विकास के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लें।उपायुक्त ने नागरिकों से बोकारो के विकास हेतु अपने सुझाव साझा करने की अपील भी की। उन्होंने कहा कि हम चाहते हैं कि बोकारो के लोग स्वयं बताएं कि वे अपने जिले को कैसे और बेहतर देखना चाहते हैं। नागरिक अपने सुझाव सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर पोस्ट कर सकते हैं, जिससे प्रशासन जनता की प्राथमिकताओं को समझकर योजनाओं में उन्हें शामिल कर सके।रन फॉर झारखंड में स्कूली छात्र-छात्राओं, युवा वर्ग और आम नागरिकों की बड़ी संख्या में सहभागिता देखी गई। जिले के सभी प्रखंडों  पंचायतों में झारखंड जोहार की गूंज सुनाई दी। प्रतिभागियों ने झंडे, बैनर और स्लोगन के माध्यम से एकता, विकास और अवसरों के अनंत द्वार  का संदेश दिया।                                                                            इस अवसर पर रन फॉर झारखंड में शामिल प्रतिभागियों को उपायुक्त द्वारा सांकेतिक रूप से प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *