छात्रों पर लाठीचार्ज को लेकर बीजेपी का हमला, संजय सेठ ने सीबीआई जांच की मांग की
रांची: राजधानी रांची के फिरायालाल चौक पर छात्रों और झामुमो कार्यकर्ताओं के बीच हुई झड़प और पुलिस लाठीचार्ज को लेकर झारखंड में सियासत तेज हो गई है। बीजेपी ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए राज्य सरकार पर छात्रों के आंदोलन को दबाने का आरोप लगाया है। केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने शनिवार को प्रदेश बीजेपी कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में पूरे मामले की सीबीआई जांच कराने की मांग की।
संजय सेठ ने आरोप लगाया कि रांची के अलावा हजारीबाग, गिरिडीह और गढ़वा में भी झामुमो कार्यकर्ताओं ने छात्रों के साथ मारपीट और छेड़छाड़ की। उन्होंने कहा कि पुलिस ने भी छात्रों पर लाठियां बरसाईं। घायल छात्र जब इलाज के लिए अस्पताल पहुंचे तो वहां भी उन्हें पीटा गया और अस्पताल से बाहर जाने का दबाव बनाया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि अस्पताल के निदेशक और सिविल सर्जन पर घायल छात्रों का इलाज नहीं करने का दबाव बनाया गया।
संजय सेठ ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर निशाना साधते हुए कहा कि आंदोलन कर रहे छात्र किसी बाहरी राज्य के नहीं, बल्कि झारखंड के ही बच्चे हैं। उन्होंने कहा कि छात्र पिछले 25 दिनों से शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगों को लेकर आंदोलन और आमरण अनशन कर रहे थे, लेकिन सरकार ने उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि आंदोलन को कमजोर करने के लिए सरकार ने छात्रों को बांटने की कोशिश की।
केंद्रीय मंत्री ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि झारखंड में छात्र घायल हुए, लेकिन राहुल गांधी ने इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। उन्होंने कहा कि यदि राहुल गांधी वास्तव में छात्र हितैषी हैं तो उन्हें रांची आकर आंदोलनरत छात्रों के साथ खड़ा होना चाहिए और सीबीआई जांच की मांग करनी चाहिए।
संजय सेठ ने पूर्व जेपीएससी अध्यक्ष नीलिमा केरकेट्टा के 2024 के पत्र का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने पूछा कि जेपीएससी की कथित अनियमितताओं को लेकर सरकार को लिखे गए पत्र पर अब तक क्या कार्रवाई हुई। उन्होंने सीआईडी जांच पर सवाल उठाते हुए कहा कि छात्रों को उस पर भरोसा नहीं है। उन्होंने दावा किया कि नौकरी के नाम पर बड़े पैमाने पर धन की उगाही हुई है और छात्रों को झारखंड से बाहर ले जाकर प्रश्नों के उत्तर रटवाए गए। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच सीबीआई से कराने की मांग की।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में बीजेपी के प्रदेश मीडिया प्रभारी योगेंद्र प्रताप सिंह और मीडिया सह प्रभारी सतीश सिन्हा मौजूद रहे।


