सुधा डेयरी पहुंचे आरकेडीएफ यूनिवर्सिटी के विद्यार्थी, जाना दूध से बाजार तक का सफर

रांची। आरकेडीएफ यूनिवर्सिटी के फैकल्टी ऑफ लाइफ साइंसेज और डिपार्टमेंट ऑफ होटल मैनेजमेंट के विद्यार्थियों ने एचईसी सेक्टर-2, धुर्वा स्थित सुधा डेयरी का औद्योगिक भ्रमण किया। एक दिवसीय भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने दूध की खरीद से लेकर उसके प्रसंस्करण, पैकेजिंग, भंडारण और बाजार तक पहुंचने की पूरी प्रक्रिया की जानकारी ली।
डेयरी अधिकारियों ने विद्यार्थियों को दूध की प्रोक्योरमेंट और प्रारंभिक गुणवत्ता जांच से लेकर प्रोसेसिंग और क्वालिटी कंट्रोल की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से बताया। विद्यार्थियों ने विभिन्न दुग्ध उत्पादों के निर्माण, उनकी पैकेजिंग और सुरक्षित तरीके से उपभोक्ताओं तक पहुंचाने की प्रक्रिया को भी करीब से देखा। इस दौरान खाद्य उत्पादन में स्वच्छता, सुरक्षा और गुणवत्ता मानकों के महत्व की जानकारी दी गई।
फूड माइक्रोबायोलॉजी का समझा व्यावहारिक पक्ष
फैकल्टी ऑफ लाइफ साइंसेज के विद्यार्थियों ने डेयरी उद्योग में फूड माइक्रोबायोलॉजी की भूमिका को समझा। उन्होंने जाना कि दूध एवं दुग्ध उत्पादों की गुणवत्ता और सुरक्षा सुनिश्चित करने में माइक्रोबियल सेफ्टी, हाइजीन, क्वालिटी एश्योरेंस और वैज्ञानिक परीक्षण महत्वपूर्ण हैं। कक्षा में पढ़े गए सैद्धांतिक विषयों को औद्योगिक वातावरण में समझने का विद्यार्थियों को अवसर मिला।
होटल मैनेजमेंट के विद्यार्थियों को भी मिला अनुभव
होटल मैनेजमेंट के विद्यार्थियों ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता, सुरक्षित भंडारण, पैकेजिंग और फूड सेफ्टी से जुड़े पहलुओं को समझा। उन्होंने जाना कि खाद्य उत्पादों की गुणवत्ता बनाए रखना उत्पादन तक सीमित नहीं है, बल्कि पैकेजिंग, स्टोरेज, वितरण और मार्केटिंग तक पूरी प्रक्रिया में गुणवत्ता मानकों का पालन जरूरी है।
विश्वविद्यालय की ओर से बताया गया कि इस तरह के औद्योगिक भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ व्यावहारिक अनुभव देना है। ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में तकनीकी समझ, निरीक्षण क्षमता, व्यावहारिक सोच और उद्योग के प्रति जागरूकता विकसित करने में मदद करते हैं। विश्वविद्यालय विद्यार्थियों को इंडस्ट्री-रेडी प्रोफेशनल बनाने के लिए औद्योगिक भ्रमण, प्रैक्टिकल ट्रेनिंग और इंडस्ट्री इंटरैक्शन जैसी गतिविधियों को लगातार बढ़ावा दे रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *