गोड्डा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, चोरी की 18 मोटरसाइकिल बरामद; तीन आरोपी गिरफ्तार

रांची : गोड्डा में पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चोरी की 18 मोटरसाइकिल बरामद की हैं। इस मामले में मोटरसाइकिल चोरी करने वाले गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में बढ़ती वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।

पुलिस अधीक्षक, गोड्डा के निर्देश पर अपराध नियंत्रण एवं चोरी गई मोटरसाइकिलों की बरामदगी के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी आकाश भारद्वाज के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया था। टीम ने सूचना संकलन के साथ-साथ विभिन्न संभावित ठिकानों पर लगातार सघन छापामारी की। इसी क्रम में 31 जुलाई 2026 को पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से कुल 18 मोटरसाइकिल बरामद कीं।

पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के आरोप में शहबाज अंसारी, पिता ताजुद्दीन अंसारी, निवासी धैनुकट्टा (झपनीबांध), थाना पोड़ैयाहाट; शहनबाज अंसारी, पिता सलालुद्दीन अंसारी, निवासी देवडाड़, थाना देवडांड तथा किस्नु रजक, पिता अर्जुन मिर्धा, निवासी गुंदली टोला, बाघमारा, थाना देवडांड, जिला गोड्डा को गिरफ्तार किया है।

इस संबंध में गोड्डा नगर थाना कांड संख्या 138/2026, दिनांक 31 जुलाई 2026 को संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार तीनों आरोपियों को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।

पुलिस अब बरामद मोटरसाइकिलों के वास्तविक मालिकों की पहचान करने तथा गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों और वाहन चोरी के नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *