सिलदिरी में 55 दिन से लापता कन्हैया के परिजनों से मिले भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू

रांची : भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद आदित्य साहू ग्राम सिलदिरी, शंकर घाट पहुंचकर 22 नवंबर 2025 से लापता मासूम कन्हैया कुमार के परिजनों से मिले। 55 दिनों से अधिक समय बीत जाने के बावजूद कन्हैया का कोई सुराग न मिलना अत्यंत पीड़ादायक और गंभीर चिंता का विषय है।
श्री साहू ने पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया तथा मानवीय संवेदना के तहत खाद्य सामग्री, कंबल सहित आवश्यक राहत सामग्री उपलब्ध कराई। साथ ही कन्हैया के बड़े भाई के इलाज के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं की ओर से एक लाख रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की, ताकि कठिन समय में परिवार को संबल मिल सके।
उन्होंने कहा कि राज्य में विधि-व्यवस्था की स्थिति बदतर हो चुकी है। एक ओर जल, जंगल और जमीन की लूट मची है, वहीं दूसरी ओर अपहरण और बच्चा चोर गिरोह सक्रिय हैं। झारखंड पहले से ही चाइल्ड ट्रैफिकिंग का शिकार रहा है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार पिछले चार वर्षों में राज्य से 413 बच्चे लापता हुए हैं, जिनका अब तक कोई सुराग नहीं मिला।
श्री साहू ने रांची एसएसपी से फोन पर बात कर कन्हैया की अविलंब खोज का आग्रह किया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो रांची बंद का आह्वान किया जाएगा। उन्होंने कहा, यह केवल एक परिवार का नहीं, बल्कि न्याय और मानवीय संवेदना का प्रश्न है। मासूम कन्हैया को न्याय दिलाना हम सबकी जिम्मेदारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *