तोरपा के गौड़बेडा में गुरु आनंद स्वासी पांड की प्रतिमा का अनावरण, बिरसाइतों ने की विशेष प्रार्थना

खूंटी : तोरपा प्रखंड की जरिया पंचायत अंतर्गत ऐतिहासिक गांव गौड़बेडा में गुरु आनंद स्वासी पांड की प्रतिमा का भव्य अनावरण समारोह आयोजित किया गया। गुरु आनंद स्वासी पांड को धरती आबा बिरसा मुंडा के आध्यात्मिक, अस्त्र-शस्त्र, राजनीतिक तथा वैद्यक (जड़ी-बूटी) ज्ञान के गुरु के रूप में सम्मानित किया जाता है।
प्रतिमा का संयुक्त रूप से अनावरण जिला परिषद अध्यक्ष मसीह गुड़िया, भगवान बिरसा मुंडा के वंशज सुखराम मुंडा, सांसद प्रतिनिधि हेलेन होरो, मुखिया बिमला डोडराय, ग्राम प्रधान सिबराम मुंडा, लोहरा पाहन, चोटराय पाहन तथा समिति अध्यक्ष मंगल सिंह स्वासी ने किया। कार्यक्रम के दौरान बिरसा मुंडा के अनुयायियों बिरसाइतों ने पारंपरिक विधि-विधान के साथ सामूहिक प्रार्थना की और अपने महानायक को श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर जिला परिषद अध्यक्ष मसीह गुड़िया ने कहा कि गौड़बेडा जैसे ऐतिहासिक गांव को आदर्श ग्राम के रूप में विकसित किया जाएगा। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि हर समाज को अपना इतिहास स्वयं लिखना चाहिए, ताकि आने वाली पीढ़ियां अपने गौरवशाली अतीत से परिचित हो सकें।
वहीं बिरसा मुंडा के वंशज सुखराम मुंडा ने कहा कि किसी भी महापुरुष के जीवन में उनके गुरु की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। गुरु ही सही मार्गदर्शन देकर व्यक्तित्व का निर्माण करते हैं और वे भगवान के समान पूजनीय होते हैं।
कार्यक्रम में रामचंद्र स्वासी, सहदेव स्वासी, अक्षय स्वासी, मंडला स्वासी, अर्जुन स्वासी, काली स्वासी, राहुल स्वासी, विशाल स्वासी, मदन स्वासी, हरिकृष्णो स्वासी, श्री नारायण स्वासी, दुर्गा स्वामी, जयंती स्वासी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। समारोह में क्षेत्रीय संस्कृति और परंपरा की झलक भी देखने को मिली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *