बिहार सरकार ने मनाया ‘नो व्हीकल डे’, सीएम सम्राट चौधरी समेत कई मंत्री पैदल पहुंचे सचिवालय

पटना: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ऊर्जा संरक्षण और ईंधन बचत की अपील का असर अब राज्यों में भी देखने को मिल रहा है। इसी कड़ी में बिहार सरकार ने शुक्रवार को ‘नो व्हीकल डे’ मनाया। इस दौरान मुख्यमंत्री Samrat Choudhary समेत कई मंत्री, अधिकारी और कर्मचारी बिना निजी वाहन के सचिवालय पहुंचे।
राजधानी पटना में सुबह से ही अलग नजारा देखने को मिला। कई मंत्री पैदल सचिवालय पहुंचे, जबकि कुछ मंत्रियों ने ई-रिक्शा का सहारा लिया। सरकार की इस पहल का उद्देश्य ऊर्जा संरक्षण, ईंधन की बचत और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना बताया गया।
मुख्यमंत्री Samrat Choudhary ने कहा कि ऊर्जा संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज का सामूहिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में देश जिन चुनौतियों का सामना कर रहा है, उसमें हर नागरिक को ईंधन बचत और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में योगदान देना चाहिए।
वहीं पंचायती राज मंत्री Deepak Prakash भी पैदल सचिवालय पहुंचे। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को सप्ताह में कम से कम एक दिन ‘नो व्हीकल डे’ जरूर मनाना चाहिए। इससे न केवल स्वास्थ्य बेहतर रहता है, बल्कि प्रदूषण भी कम होता है।
उन्होंने कहा कि पैदल चलने और सार्वजनिक परिवहन के उपयोग को बढ़ावा देकर ईंधन की खपत कम की जा सकती है, जो वर्तमान परिस्थितियों में बेहद जरूरी है। बिहार सरकार की इस पहल को लोगों के बीच जागरूकता अभियान के रूप में भी देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *