राज्यसभा पहुंचे बैद्यनाथ राम, शपथ लेकर संभाली नई जिम्मेदारी

रांची: झारखंड से नव निर्वाचित राज्यसभा सांसद एवं झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय उपाध्यक्ष बैद्यनाथ राम ने गुरुवार को राज्यसभा सदस्य के रूप में पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। संसद भवन में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में भारत के उपराष्ट्रपति एवं राज्यसभा के सभापति सी. पी. राधाकृष्णन ने उन्हें शपथ दिलाई और उनके नए दायित्व के लिए शुभकामनाएं दीं।


शपथ ग्रहण के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए बैद्यनाथ राम ने अपनी खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि यह उनके जीवन का एक महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक क्षण है। पहली बार उच्च सदन में पहुंचने पर उन्होंने झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पार्टी नेतृत्व ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे।
उन्होंने कहा कि वह झामुमो के एक समर्पित और ईमानदार कार्यकर्ता रहे हैं तथा राज्यसभा में झारखंड के हितों को मजबूती से उठाएंगे। खासकर दलित, आदिवासी, पिछड़े और वंचित वर्गों से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से सदन के सामने रखने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि झारखंड के विकास, सामाजिक न्याय और जनहित से जुड़े विषय उनकी प्राथमिकता में रहेंगे।
बैद्यनाथ राम ने यह भी कहा कि राज्यसभा में उन्हें जो जिम्मेदारी मिली है, वह केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं बल्कि झारखंड की जनता के विश्वास का सम्मान है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि राज्य और समाज के हित में हर संभव प्रयास किया जाएगा।
राज्यसभा में शपथ लेने के बाद उनके समर्थकों, पार्टी कार्यकर्ताओं और परिवार के सदस्यों में उत्साह का माहौल देखा गया। विभिन्न सामाजिक और राजनीतिक संगठनों के लोगों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की। उनके राज्यसभा पहुंचने को झामुमो कार्यकर्ताओं ने पार्टी और झारखंड के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *