बाबूलाल मरांडी ने ट्वीट कर कहा, यशवंत सिन्हा जी आप द्रौपदी मुर्मू के निर्विरोध चयन के लिए नाम वापसी की घोषणा के साथ देश को एक अच्छा संदेश दें

रांचीः झारखंड के पूर्व मुख्‍यमंत्री और भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी ने ट्वीट कर यशवंत सिन्हा को कहा है कि आदरणीय यशवंत सिन्‍हा जी, आप भारतीय जनता पार्टी में रहे हैं। श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी के मंत्रिमंडल में वित्त मंत्री व अन्य कई महत्वपूर्ण पदों पर रहते हुए आपने देशहित में कई निर्णय लिए हैं। आज यह अवसर आपके सामने है कि आप राष्‍ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की राष्ट्रपति प्रत्याशी श्रीमती द्रौपदी मुर्मू को निर्विरोध चयन के लिए अपने नाम वापसी की घोषणा के साथ देश को एक अच्छा संदेश दें। एक आदिवासी संताल महिला की संवैधानिक सर्वोच्चता, सम्पूर्ण आदिवासी समाज का ऐतिहासिक सम्मान है। आशा है आप राज्य व देश के सम्मान के लिए यह त्याग और समर्पण देकर एक उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करेंगे। इधर बाबूलाल मरांडी ने सीएम हेमंत सोरेन को भी ट्वीट के जरीए नसीहत दी है कहा है कि सीएम हेमंत सोरेन जी, आदिवासी-संताल अस्मिता की रक्षा और इस ऐतिहासिक निर्णय के सहभागी बनकर राष्ट्रपति पद के लिए द्रौपदी मुर्मू जी के पक्ष में समर्थन देने की घोषणा करने में तनिक भी विलंब न करिए। राष्‍ट्रपति चुनाव में द्रौपदी मुर्मू को आपका समर्थन आजाद भारत के इतिहास में आदिवासी समाज के गौरवबोध के लिए याद किया जाएगा। वहीं एक और ट्वीट में हेमंत सोरेन पर निशाना साधते हुए कहा कि झारखंड में जंगल राज का आलम यह है कि जज, न्यायालय परिसर से लेकर गवाह तक सुरक्षित नहीं हैं।जांच एजेंसियों को देख लेने, समझा देने की धमकी खुद मुख्यमंत्री देंगे तो अराजकता तो होगी ही। देवघर कोर्ट परिसर में हत्या के मामले में झारखंड उच्च न्यायालय को स्वतः संज्ञान लेना पड़ रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *