भूत गांव में अफीम खेती के खिलाफ जागरूकता कार्यक्रम,एसडीएम ने इस के दुष्परिणामों से कराया अवगत
गणादेश,खूंटी : मारंगहादा थाना क्षेत्र अंतर्गत भूत गांव में टुसु मेला के अवसर पर जिला प्रशासन ने व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया। इस कार्यक्रम में एसडीएम दीपेश कुमारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी ज्योति कुमारी तथा स्थानीय मुखिया की गरिमामयी उपस्थिति रही। मेले में पहुँचे करीब 10 से 15 हजार ग्रामीणों को संबोधित करते हुए अधिकारियों ने अवैध अफीम की खेती के दुष्परिणामों से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि अफीम की खेती न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि यह समाज, युवाओं और आने वाली पीढ़ी के भविष्य को भी अंधकार में धकेल देती है।
ग्रामीणों को यह भी जानकारी दी गई कि अवैध अफीम की खेती में संलिप्त पाए जाने पर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाती है। अधिकारियों ने सभी से अपील की कि वे अपने क्षेत्र को नशामुक्त बनाने में जिला एवं पुलिस प्रशासन का सहयोग करें और अफीम विनष्टिकरण अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं।
साथ ही सड़क सुरक्षा को लेकर वाहन चलाते समय हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने का संदेश दिया गया। आमजन को आपात स्थिति में पुलिस सहायता के लिए डायल 112 तथा साइबर ठगी का शिकार होने पर डायल 1930 पर तुरंत शिकायत दर्ज कराने की जानकारी भी दी गई। इस अभियान का उद्देश्य ग्रामीणों को कानून, सुरक्षा और सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति सजग बनाना रहा।



