मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से ऑस्ट्रेलियन काउंसलेट-जनरल बर्नार्ड लिंच ने की मुलाकात

रांची : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से बुधवार को कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में भारत के कोलकाता स्थित ऑस्ट्रेलियन काउंसलेट-जनरल बर्नार्ड लिंच ने शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री और ऑस्ट्रेलियन काउंसलेट-जनरल के बीच झारखंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने तथा आपसी हित के विभिन्न क्षेत्रों में रणनीतिक साझेदारी को बढ़ावा देने को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।

मुलाकात के दौरान दोनों पक्षों ने झारखंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच सहयोग की संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया। विशेष रूप से शिक्षा, मिनरल्स, स्किल डेवलपमेंट, निवेश, संस्कृति, खेल और पर्यटन जैसे क्षेत्रों में आपसी सहयोग बढ़ाने पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने झारखंड की क्षमता और राज्य में उपलब्ध संसाधनों के साथ-साथ विभिन्न क्षेत्रों में विकास की संभावनाओं से भी अवगत कराया।

बैठक में इस बात पर जोर दिया गया कि शिक्षा और कौशल विकास के क्षेत्र में सहयोग के माध्यम से युवाओं के लिए नए अवसर तैयार किए जा सकते हैं। वहीं, खनिज एवं निवेश के क्षेत्र में संभावित साझेदारी से राज्य में आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के साथ रोजगार के अवसर भी विकसित किए जा सकते हैं।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और बर्नार्ड लिंच ने आपसी हित के क्षेत्रों में सहयोग को आगे बढ़ाने तथा भविष्य में इस दिशा में संभावनाओं को तलाशने पर भी विचार साझा किए। मुलाकात को दोनों पक्षों के बीच संवाद को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।

इस अवसर पर झारखंड के मुख्य सचिव अविनाश कुमार तथा ऑस्ट्रेलियन काउंसलेट-जनरल, कोलकाता की वरिष्ठ अनुसंधान एवं भ्रमण अधिकारी एंजेलीना नायर भी उपस्थित थीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *