मुहर्रम के जुलूस पर हमला, लाठियां चलीं, फायरिंग से मचा हड़कप,दो लोग गंभीर रूप से घायल

भागलपुर। जिले के लोदीपुर थाना क्षेत्र के उस्तु गांव में रविवार सुबह मुहर्रम के अवसर पर निकाले जा रहे अखाड़ा जुलूस के दौरान दो पक्षों में जमकर लाठी-डंडे चले। इस दौरान फायरिंग की भी बात सामने आई है, जिससे अफरा-तफरी मच गई। घटना में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए मायागंज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, पुलिस ने फायरिंग की घटना से इनकार किया है और मामले की जांच में जुट गई है।

अचानक हुआ हमला, मची भगदड़ :
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रविवार सुबह करीब 8:30 बजे उस्तु गांव में अखाड़ा जुलूस डुमरिया की ओर पहलाम करने जा रहा था। इसी दौरान अफ्फान उर्फ आर्यन और उसके करीब दर्जनभर सहयोगियों ने जुलूस पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। घटना स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। दोनों पक्षों के बीच मारपीट होने लगी।

दो लोग गंभीर रूप से घायल :
हंगामे में उस्तु गांव निवासी मोहम्मद मेराज के 50 वर्षीय पुत्र मोहम्मद मकीम और मोहम्मद सनाउल्लाह के 30 वर्षीय पुत्र मोहम्मद मोईन गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों के सिर में गंभीर चोटें आई हैं। उन्हें तत्काल मायागंज अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

फायरिंग से मचा हड़कंप :
घटना के दौरान अफ्फान के भाई मोहम्मद सफ्फान पर एक राउंड हवाई फायरिंग करने का आरोप भी लगाया गया है। इससे जुलूस में भगदड़ मच गई और लोग इधर-उधर भागने लगे। चारों ओर चीख-पुकार मच गई। हालांकि, पुलिस ने गोली चलने की पुष्टि नहीं की है।

आरोप, हमले की थी पूर्व तैयारी :

घायल मोहम्मद सनाउल्लाह के भाई मोहम्मद तनवीर ने आरोप लगाया कि अफ्फान ने पहले से ही सन्हौली गांव से लाठी-डंडे और हथियार से लैस लोगों को बुलाकर अपने घर में छिपा रखा था। उन्होंने सुनियोजित तरीके से अखाड़ा जुलूस पर हमला किया।

पुलिस कर रही जांच :
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल दोनों व्यक्तियों को अस्पताल पहुंचाया। लोदीपुर थाना प्रभारी घनश्याम कुमार ने बताया कि जुलूस के दौरान आपसी विवाद में लाठीचार्ज हुआ है, जिसमें दो लोग घायल हुए हैं। गोली चलने की बात सामने नहीं आई है। मामले की छानबीन की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *