तेज रफ्तार ट्रक ने दो महिला डाक कांवरियों को रौंदा, मौके पर मौत

भागलपुर। श्रावणी मेले के दौरान कांवर यात्रा पर निकलीं दो महिला डाक कांवरियों की रविवार को एक सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। हादसा बांका जिले के रजौन थाना क्षेत्र अंतर्गत पुनसिया चौक के पास हुआ, जब तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार तीन कांवरियों को कुचल दिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

मृतकों की पहचान झारखंड के गोड्डा जिले के मोतिया गांव निवासी पीयूष मांझी की पत्नी राधा देवी (28) और सोनू मांझी की पत्नी आरती देवी (25) के रूप में हुई है। घायल युवक का नाम रतन मंडल है, जो दोनों का रिश्तेदार बताया जा रहा है। उसे गंभीर हालत में भागलपुर मायागंज अस्पताल रेफर किया गया है।

पुलिस के अनुसार, तीनों कांवरिए भागलपुर गंगा घाट से जल भरकर बासुकीनाथ मंदिर जा रहे थे। इसी दौरान पुनसिया बाजार के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। दोनों महिलाओं के सिर ट्रक के पहियों के नीचे आ गए, जिससे घटनास्थल पर ही उनकी मृत्यु हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही रजौन थाना प्रभारी चंद्रदीप कुमार पुलिस दल के साथ मौके पर पहुंचे और ट्रक को जब्त कर लिया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया तथा आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

परिजनों को जैसे ही हादसे की सूचना मिली, गांव में कोहराम मच गया। परिजन पोस्टमार्टम हाउस व अस्पताल पहुंचकर विलाप करते नजर आए।उल्लेखनीय है कि श्रावणी मेला को देखते हुए प्रशासन ने शनिवार रात 10 बजे से मंगलवार सुबह 8 बजे तक भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाई थी। इसके बावजूद ट्रकों की आवाजाही जारी रहना प्रशासनिक लापरवाही को दर्शाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *