कला प्रदर्शनी में कलाकारों की दिखी कल्पना और सृजनशीलता
रांची: अटीलियर आर्ट गैलरी द्वारा कलाकृति-आर्ट एक्जिबीशन का दो दिवसीय आयोजन शुक्रवार को चैंबर भवन में प्रारंभ हुआ। झारखण्ड चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष परेश गट्टानी ने एक्जिबीशन का उद्घाटन किया। चैंबर अध्यक्ष ने प्रदर्शनी में शामिल महिला युवा स्टार्टअप कलाकारों एवं उनकी कृतियों की प्रशंसा की। यह कहा कि प्रदर्शनी में भाग लेनेवाले कलाकार नये और प्रतिभाशाली हैं जो अपनी कला के माध्यम से लोगों को प्रेरित करना चाहते हैं। इनकी पेंटिंग्स में जीवन के विभिन्न पहलुओं को दर्शाया गया है। महासचिव आदित्य मल्होत्रा ने अटीलियर फाउंडेशन के इस प्रयास की सराहना करते हुए हस्तनिर्मित पेंटिंग्स को अद्भुत बताया। कहा कि यहां जितनी भी कलाकृतियां हैं सबों में कुछ न कुछ संदेश है।
सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक शुरू हुए आर्ट एक्जिबीशन में दिन भर कला प्रेमी शामिल हुए। प्रदर्शनी में कलाकारों ने अपनी कलाकृतियों को प्रदर्शित किया जिससे दर्शकों को उनकी रचनात्मकता और प्रतिभा देखने का अवसर मिला। एक्जिबीशन में युवा चित्रकारों ने भी अपने अनुभव साझा किये। दो दिवसीय आर्ट एक्जिबीशन में मैत्री गट्टानी, खुशी बाजोरिया, तान्या चौधरी और अमोलिका अग्रवाल की पेंटिंग्स की प्रदर्शनी की गई है, जिसे दर्शकों द्वारा खूब सराहा जा रहा है। अटीलियर आर्ट गैलरी की फाउंडर मैत्री गट्टानी ने अवगत कराया कि उनके फाउंडेशन द्वारा पहली बार आर्ट एक्जिबीशन का आयोजन किया गया है। दर्शकों की ओर से मिल रहे रेस्पांस को देखते हुए फाउंडेशन द्वारा भविष्य में गैलरी खोलने की पहल की जायेगी। फाउंडेशन द्वारा पेंटिंग्स के ऑर्डर भी स्वीकार किये जाते हैं, जिसे फाउंडेशन के इंस्टाग्राम एकाउंट पर भी दिया जा सकता है। विदित हो कि एक्जिबीशन में प्रवेश निःशुल्क है। शनिवार को भी आम लोगों के लिए सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक एक्जिबीशन खुला रहेगा।
एक्जिबीशन के उद्घाटन अवसर पर चैंबर के कोषाध्यक्ष रोहित अग्रवाल, कार्यकारिणी सदस्य मुकेश अग्रवाल, चेंबर कनेक्ट उप समिति चेयरमेन अरूण भरतीया सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे। उक्त जानकारी प्रवक्ता सुनिल सरावगी ने दी।



