अरगोड़ा लीकर बार प्रकरण: संचालक वीरेन प्रसाद साहू ने मीडिया रिपोर्टों को बताया भ्रामक, बार पुनः खोलने की मांग

रांची: राजधानी रांची के अरगोड़ा चौक स्थित एक लीकर बार में किन्नरों के साथ हुए विवाद और हंगामे के बाद उत्पाद विभाग द्वारा बार को सील कर दिया गया था। बार संचालक वीरेन प्रसाद साहू को नोटिस भी जारी किया गया, जिसके विरोध में रांची खुदरा शराब व्यापारी संघ सामने आया है। मंगलवार को प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में संघ और संचालक ने अपना पक्ष रखा।
वीरेन प्रसाद साहू ने कहा कि पिछले कुछ दिनों से मीडिया के कुछ प्लेटफॉर्म बिना तथ्य और बिना उनका पक्ष जाने भ्रामक खबरें चला रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि साजिशन उनके बार की छवि खराब करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जिस दिन हंगामा हुआ, वे बार में मौजूद नहीं थे। किन्नरों का दुरुपयोग कर व्यवसायिक लाभ कमाने का आरोप पूरी तरह बेबुनियाद है।
उन्होंने कहा, “क्या कोई कानून है जो मुझे ट्रांसजेंडर व्यक्तियों को अपने बार में प्रवेश से रोकने का अधिकार देता हो? भारतीय संविधान सबको समानता का अधिकार देता है—नर, नारी और किन्नर सभी को।” उन्होंने बताया कि किन्नरों का एक समूह जन्मदिन मनाने आया था, जहां कुछ लोगों से विवाद हुआ और स्टाफ ने सभी को बाहर कर दिया। प्रशासन को सूचना देकर मामला वहीं सुलटा दिया गया।
साहू ने कहा कि सीसीटीवी फुटेज में भी किन्नरों को केवल भोजन करते दिखाया गया है, जबकि मीडिया में भ्रम फैलाया जा रहा है कि उनके बार में अवैध रूप से नृत्य कराया जाता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनके पास पब्लिक परफॉर्मेंस लाइसेंस है, और यदि कोई ग्राहक जन्मदिन या सालगिरह पर नाच-गाना करे तो उसे रोकना संभव नहीं है, यह पूरी तरह कानूनी है।
उन्होंने उत्पाद विभाग व जिला प्रशासन से बार दोबारा खोलने की अनुमति की मांग की। साहू ने कहा कि बार बंद रहने से दर्जनों कर्मचारियों के परिवारों की आजीविका पर संकट खड़ा हो गया है और व्यापारी वर्ग को भी भारी नुकसान हो रहा है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में बार यूनियन रांची के उपाध्यक्ष अर्पण यादव, सुनील कुमार साहू, प्रदेश महामंत्री सुदीप कुमार जायसवाल समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *