झारखंड में पेसा नियमावली की मंजूरी जनता के लिए नववर्ष का तोहफा : राजेश कच्छप

गणादेश,रांची : झारखंड मंत्रिपरिषद द्वारा पेसा कानून की नियमावली को मंजूरी दिए जाने पर कांग्रेस विधायक दल के उप नेता राजेश कच्छप ने इसे राज्य की जनता के लिए नववर्ष का बड़ा तोहफा बताया है। उन्होंने कहा कि यह निर्णय झारखंड के लोगों की वर्षों पुरानी मांग को पूरा करने की दिशा में ऐतिहासिक कदम है।

राजेश कच्छप ने कहा कि पेसा कानून को लागू करने की मांग लंबे समय से उठती रही है, खासकर अनुसूचित क्षेत्रों और आदिवासी समाज की ओर से। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में गठबंधन सरकार ने जनता की भावनाओं और अपेक्षाओं का सम्मान करते हुए इस महत्वपूर्ण कानून की नियमावली को कैबिनेट में पारित किया है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार जो कहती है, उसे करके दिखाने में विश्वास रखती है।

उन्होंने कहा कि पेसा नियमावली की मंजूरी से ग्राम सभाओं को वास्तविक अधिकार मिलेंगे और स्थानीय स्वशासन को मजबूती मिलेगी। इससे विकास योजनाओं की रूपरेखा तय करने में ग्राम सभाओं की निर्णायक भूमिका सुनिश्चित होगी। यह फैसला आदिवासी समाज के अधिकारों की रक्षा और उनकी भागीदारी बढ़ाने की दिशा में माइलस्टोन साबित होगा।

कांग्रेस विधायक दल के उप नेता ने कहा कि गठबंधन सरकार ने जनता से जो वादे किए हैं, उन्हें आने वाले दिनों में चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि पेसा कानून के लागू होने से झारखंड की जनता को सीधा लाभ मिलेगा और राज्य में लोकतांत्रिक व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *