TRENDING NOW

कचहरी मैदान में उपयुक्त आर रॉनिटा ने किया ध्वजारोहण,परेड की सलामी ली

गणादेश,खूंटी : जिले के ऐतिहासिक कचहरी मैदान में सोमवार को 77वें गणतंत्र दिवस पर जिला स्तरीय मुख्य समारोह का आयोजन हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में किया गया। इस अवसर पर उपायुक्त आर. रॉनिटा ने मुख्य अतिथि के रूप में ध्वजारोहण किया और उपस्थित लोगों को संबोधित किया। अपने संबोधन की शुरुआत में उन्होंने जिलेवासियों को 77वें गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं तथा भगवान बिरसा मुंडा सहित देश के सभी स्वतंत्रता सेनानियों को नमन किया, जिन्होंने अपने संघर्ष और बलिदान से देश को आज़ादी दिलाई।

उपायुक्त ने कहा कि स्वतंत्रता के बाद भारत ने शिक्षा, स्वास्थ्य, विज्ञान, तकनीक और सामाजिक विकास के क्षेत्र में ऐतिहासिक प्रगति की है। आज भारत विश्व मंच पर एक सशक्त और आत्मनिर्भर राष्ट्र के रूप में अपनी पहचान बना चुका है। उन्होंने कहा कि झारखंड राज्य और खूंटी जिला भी इस राष्ट्रीय विकास यात्रा में सक्रिय भागीदारी निभा रहे हैं। केंद्र और राज्य सरकार के सहयोग से जिले में शिक्षा, स्वास्थ्य, ग्रामीण विकास, कृषि और सामाजिक कल्याण के क्षेत्र में निरंतर विकास कार्य किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन की प्राथमिकता यह सुनिश्चित करना है कि सरकार की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचे। इसके लिए प्रशासन पारदर्शिता, जवाबदेही और जनसहभागिता के साथ कार्य कर रहा है।

समारोह के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा आकर्षक और विषय आधारित झांकियां प्रस्तुत की गईं। पेयजल एवं स्वच्छता विभाग ने “जल के बिना और जल के बाद”, परिवहन विभाग ने सड़क यातायात सुरक्षा, जेएसएलपीएस ने दीदियों को आत्मनिर्भर बनाने, आपूर्ति विभाग ने खाद्य सुरक्षा तथा जिला सूचना एवं जनसंपर्क विभाग ने महिला सशक्तिकरण विषय पर आधारित झांकियां प्रदर्शित कीं।

इसके अलावा शिक्षा विभाग ने संचालित योजनाओं, स्वास्थ्य विभाग ने कुष्ठ रोग मुक्त खूंटी अभियान, ग्रामीण विकास विभाग ने अबुआ आवास एवं जल संरक्षण, समाज कल्याण विभाग ने मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना, कृषि व पशुपालन विभाग ने इंटीग्रेटेड फार्मिंग तथा नगर पंचायत ने शहरी विकास योजनाओं की झलक प्रस्तुत की।

झांकी प्रतियोगिता में परिवहन विभाग को प्रथम, स्वास्थ्य विभाग को द्वितीय तथा जिला सूचना एवं जनसंपर्क विभाग को तृतीय पुरस्कार प्रदान किया गया। समारोह में बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी एवं आम नागरिक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *