अंबेडकर जंयती के दिन 14 अप्रैल को जेल भरो आंदोलन चलाएंगे आजसू कार्यकर्ता

रांची। आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो ने कहा है कि लोकतंत्र में विपक्ष की भूमिका सत्ता से भी ज्यादा अहम और बड़ी होती है। हम और हमारी पार्टी मजबूती से इसे निभा रही। झारखंड की जनभावना से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों और मांगों को लेकर पार्टी अंबेडकर जंयती के दिन 14 अप्रैल को पूरे राज्य में जेल भरो आंदोलन चलाएगी।

रांची स्थित पार्टी के केंद्रीय कार्यालय में सभी जिला अध्यक्ष, सचिव और विधानसभा प्रभारियों के साथ आंदोलन की तैयारियों और जन धन संग्रह कार्यक्रम की समीक्षा के दौरान उन्होंने ये बातें कही। इसके साथ ही उन्होंने सरकार की गलत नीतियां, वादाखिलाफी, संपदाओं की लूट, भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी लड़ाई का आह्वान किया।

आजसू प्रमुख ने कहा कि विधानसभा सत्र के दौरान मुख्यमंत्री अपने वादे और सत्तारूढ़ दलों की घोषणाओं से पलटते- मुकरते रहे। पूरे राज्य ने इसे देखा। विधानसभा सत्र में भी हमने हर जरूरी सवाल उठाये। सरकार के जवाब से जनता निराश है। ढाई साल में सरकार ने राज्य के सभी वर्गों को छला है। राज्य में भ्रष्टाचार का बोलबाला है। संसाधनों की लूट मची है।

उन्होंने कहा कि बजट सत्र के दौरान सात मार्च को पार्टी ने विधानसभा घेराव का कार्यक्रम रखा था। हमारे हजारों कार्यकर्ताओं, समर्थको को रोकने के लिए सरकारी तंत्र ने पूरी ताकत लगा दी। जगह- जगह बैरिकेड लगाए। राजधानी रांची की सड़कें पुलिस छावनी में बदल गई। पार्टी आम अवाम की आवाज विधानसभा पहुंचाने निकली थी। अगर इन आवाज, सवाल से कानून व्यवस्था बिगड़ती है, तो हम सीधे थाने जाकर गिरफ्तारी देने के लिए तैयार हैं।

• किन मांगों को लेकर जेल भरो आंदोलन

उन्होंने कहा कि खतियान आधारित स्थानीय और नियोजन नीति लागू करना, पिछड़ों को आबादी के अनुसार आरक्षण, जातीय जनगणना, सरना धर्म कोड, बेरोजगारी, राज्य की संसाधनों की लूट बंद करने और झारखंड आंदोलनकारियों को सम्मान देने की मांगों को लेकर लेकर जेल भरो आंदोलन के साथ 14 अप्रैल को हर थाने में आजसू के कार्यकर्ता गिरफ्तारी देने पहुंचेगे।

• छात्र संघ के पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण

आज ही केद्रीय अध्यक्ष ने अखिल झारखंड छात्र संघ की जिला इकाई के सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि अखिल झारखंड छात्र संघ पार्टी की सबसे महत्वपूर्ण इकाई के तौर पर अपनी जिम्मेदारी निभाये और हर चुनौतियों का डटकर सामना करे। आजसू अध्यक्ष ने कहा कि सरकार बनाने में युवाओं का बड़ा योगदान रहा है, तो अब हिसाब मांगने का भी वक्त आया है। युवाओं को सरकार से हिसाब मांगने के लिए आगे आना होगा। इसी कार्यक्रम में तय हुआ कि केंद्रीय अध्यक्ष छात्रों के साथ पार्टी के इतिहास, झारखंड आंदोलन की प्रासंगिकता और राजनीति में भागीदारी को लेकर एकदिवसीय चर्चा करेंगे।

बैठक में मुख्य रूप से आजसू पार्टी के प्रधान महासचिव रामचंद्र सहिस, केंद्रीय महासचिव डॉ. लंबोदर महतो, केंद्रीय मुख्य प्रवक्ता डॉ. देवशरण भगत, केंद्रीय उपाध्यक्ष उमाकांत रजक, कुशवाहा शिवपूजन मेहता एवं हसन अंसारी, केंद्रीय महासचिव राजेन्द्र मेहता एवं रोशनलाल चौधरी, केंद्रीय सचिव गोपीनाथ सिंह, अजय सिंह, सतीश कुमार, मनोज चंद्रा एवं हरेलाल महतो, विकास राना, महिला संगठन सचिव वर्षा गाड़ी, केंद्रीय कार्यालय सचिव बनमाली मंडल, आजसू छात्र संघ के प्रदेश प्रभारी हरीश कुमार, प्रदेश अध्यक्ष गौतम सिंह, ज्योत्स्ना केरकेट्टा, नीरज वर्मा, गदाधर महतो, राजेश महतो, ओम वर्मा, कृष्णा महतो आदि मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *