छात्रवृत्ति के लिए सड़क से सदन तक आजसू चला रही है आंदोलन

रांची :आजसू छात्र संघ ने कहा है कि सात लाख विद्यार्थियों की पोस्ट–मैट्रिक छात्रवृत्ति के लिए ’शिक्षा के लिए भिक्षा : जनाक्रोश आंदोलन’ को आगे बढ़ाते हुए प्रत्येक जिले में छात्रों को गोलबंद किया जाएगा और जिलावार आंदोलन शुरू किया जाएगा। विगत 21 नवंबर को इस मुद्दे पर आजसू छात्र संघ ने ’लोकभवन’ पर प्रदर्शन कर राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा था। आजसू के विधायक निर्मल महतो ने भी विधानसभा में धरना दिया और विधानसभा अध्यक्ष के समक्ष विषय को उठाया।

आजसू छात्र संघ के प्रदेश अध्यक्ष ओम वर्मा एवं वरीय उपाध्यक्ष ऋतुराज शाहदेव ने प्रेस वार्ता में जानकारी दी कि 9 दिसंबर को हज़ारीबाग से जिलावार आंदोलन की शुरुआत होगी, और यह आंदोलन राज्य के सभी जिलों में आयोजित किया जाएगा और  आजसू प्रतिनिधिमंडल उपायुक्त को ज्ञापन सौंपेगा।

ओम वर्मा ने कहा कि सरकार द्वारा 2024–25 की छात्रवृत्ति लंबित रखने का विषय घोर लापरवाही का प्रतीक है। छात्रों की समस्याएँ सुनने में सरकार उत्सुक नहीं दिखती। जिला-स्तरीय मार्च की विस्तृत रणनीति प्रेस के सामने रखी गई। आंदोलन को  शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक बताया गया।

श्री वर्मा ने कहा आज कैम्पस से लेकर सड़क तक छात्र सरकार की अनदेखी से परेशान हैं। प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से हम स्पष्ट संदेश दे रहे हैं अब आंदोलन गाँव-गाँव और जिले-जिले में होगा। छात्रवृत्ति रोकोगे तो सरकार को हर मोर्चे पर जवाब देना होगा।

 उन्होंने  कहा  कि हमने बार-बार कहा ‘न एक छात्र छूटेगा, न एक माँग रुकेगी’। छात्रवृत्ति वापस मिलेगी, तभी जिले-स्तर का आंदोलन रुकेगा। सरकार चाहे कितनी भी चुप्पी साध ले, छात्रों की आवाज़ दबने वाली नहीं है।

वरीय उपाध्यक्ष ऋतुराज शाहदेव ने कहा अब संघर्ष नया मोड़ ले चुका है। केवल रांची में नहीं राज्य के सभी जिलों में युवा सड़कों पर उतरेंगे। यह आंदोलन सिर्फ लाभार्थियों का नहीं, सामाजिक न्याय और अधिकारों की रक्षा का है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *