रांची में विनय सिंह के छह ठिकानों पर एसीबी की छापेमारी,अवैध जमीन जमाबंदी का है मामला

रांची : झारखंड में एसीबी की टीम ने रविवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए विनय सिंह के करीबी लोगों के 6 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। विनय सिंह जेल में बंद आईएएस विनय चौबे के करीबी हैं। बताया जा रहा है कि यह रेड हजारीबाग में जमीन की अवैध जमाबंदी और अनियमित खरीद-बिक्री से जुड़े मामलों को लेकर की गई है।
एसीबी की टीम ने सुबह से ही छापेमारी शुरू कर दी थी। इस दौरान कई अहम दस्तावेज, जमीन से संबंधित कागजात और लेन-देन से जुड़े रजिस्टर बरामद किए जाने की खबर है। टीम ने स्थानीय पुलिस बल के साथ मिलकर कार्रवाई को अंजाम दिया। तीन दिन पहले एसीबी ने विनय सिंह को गिरफ्तार किया है।
यह जमाबंदी का मामला 2013 का है। डीसी कार्यालय ने पांच प्लाट की जमाबंदी को रद्द कर दिया था। क्योंकि यह वन क्षेत्र में आता है। वन क्षेत्र में किसी भी तरह का गैर वानिकी कार्य या अतिक्रमण नहीं किया जा सकता है।
सूत्रों के अनुसार, विनय सिंह,उनकी पत्नी और उनके नेटवर्क पर लंबे समय से जमीन के अवैध कारोबार में संलिप्त होने के आरोप लग रहे थे। एसीबी को भी लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि बड़े पैमाने पर फर्जीवाड़ा और दबंगई के बल पर प्लॉटिंग तथा अवैध जमाबंदी की जा रही है। एसीबी की छापेमारी के बाद ऐसे कई तथ्यों की जानकारी मिल पाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *