सिर्फ कुछ सेकंड… और टल गया बड़ा हादसा, आरपीएफ जवान ने चलती ट्रेन से उतर रहे दो कांवड़ियों को बचाया
सुल्तानगंज। कभी-कभी कुछ सेकंड का फैसला किसी की जिंदगी बचा देता है। श्रावणी मेला की भारी भीड़ के बीच सुल्तानगंज रेलवे स्टेशन पर ऐसा ही एक रोमांचक पल सामने आया, जब चलती विक्रमशिला एक्सप्रेस से उतरने की कोशिश कर रहे दो कांवड़िया श्रद्धालु मौत के बेहद करीब पहुंच गए। तभी ड्यूटी पर तैनात आरपीएफ जवान मृत्युंजय कुमार ने बिजली जैसी फुर्ती दिखाते हुए दोनों को सुरक्षित खींच लिया और संभावित बड़े हादसे को टाल दिया।
घटना 1 अगस्त की है। ट्रेन संख्या 12368 विक्रमशिला एक्सप्रेस प्लेटफॉर्म संख्या-1 से रवाना हो चुकी थी। इसी दौरान दो श्रद्धालुओं ने चलती ट्रेन से उतरने का जोखिम उठाया। एक श्रद्धालु नीचे उतर चुका था, जबकि दूसरा अभी ट्रेन में था। दोनों की यह लापरवाही किसी भी क्षण दर्दनाक हादसे में बदल सकती थी।
मौके पर मौजूद आरपीएफ पोस्ट बरहरवा के आरक्षक मृत्युंजय कुमार ने खतरे को भांपने में पल भर की भी देरी नहीं की। उन्होंने तत्काल हस्तक्षेप करते हुए दोनों श्रद्धालुओं को संभाल लिया। उनकी सतर्कता और साहस ने न केवल दो जिंदगियां बचाईं, बल्कि स्टेशन पर मौजूद लोगों ने भी राहत की सांस ली।
पूर्व रेलवे के मालदा मंडल ने श्रावणी मेला को देखते हुए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। मंडल रेल प्रबंधक मनीष कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन और सहायक सुरक्षा आयुक्त/प्रभारी बरुण कुमार बेहरा के पर्यवेक्षण में आरपीएफ की विशेष तैनाती की गई है, जिसका यह सफल उदाहरण माना जा रहा है।
रेल प्रशासन ने सभी यात्रियों और कांवड़ियों से अपील की है कि वे कभी भी चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने की कोशिश न करें। कुछ क्षणों की जल्दबाज़ी जिंदगीभर का पछतावा बन सकती है।

