पेड़ से बड़ा मित्र कोई नहीं होता : सकलदीप भगत
मुरहू: फ्रेंडशिप डे के अवसर पर प्रत्येक वर्ष की तरह रविवार को श्योर सक्सेस कोचिंग सेंटर, मुरहू में पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कोचिंग परिसर में सागवान, महोगनी, गुलमोहर समेत आधा दर्जन छायादार एवं फलदार पौधे लगाए गए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संस्थान के निदेशक सह शिक्षक सकलदीप भगत ने विद्यार्थियों को प्रकृति से मित्रता करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि “वृक्ष से बड़ा मित्र कोई नहीं होता। वृक्षों से मिलने वाली शीतल एवं शुद्ध हवा का विकल्प कोई एसी नहीं हो सकता।” उन्होंने विद्यार्थियों से पौधारोपण के साथ-साथ उनके संरक्षण का भी संकल्प लेने का आह्वान किया।
इस अवसर पर संस्थान के पूर्व छात्र शिवेंद्र नाथ तिवारी ने विद्यार्थियों को संस्कृति और अध्यात्म से मित्रता करने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि अपनी संस्कृति और आध्यात्मिक मूल्यों से जुड़कर ही जीवन को सही दिशा दी जा सकती है। साथ ही युवाओं से नशामुक्त जीवन अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि स्वस्थ तन, स्वच्छ मन और श्रेष्ठ संगति ही उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला हैं।
कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों ने लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल एवं पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।


