चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ का झारखंड में दिख रहा असर
रांची: बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ का असर अब झारखंड में साफ तौर पर देखने को मिल रहा है। चक्रवात के प्रभाव से राज्य के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। बुधवार सुबह राजधानी राँची में अचानक मौसम ने करवट ली। तेज हवाओं के साथ हुई बारिश और मेघ गर्जन ने ठंडक बढ़ा दी है। राँची में सुबह से ही रुक-रुक कर बारिश का दौर जारी है। राजधानी राँची के अलावा झारखंड के कई अन्य जिलों में भी चक्रवात का असर दिख रहा है।
हजारीबाग, कोडरमा, चाईबासा, देवघर, गिरिडीह और बोकारो समेत कई जिलों में आसमान में घने काले बादल छाए हुए हैं, इन इलाकों में भी रुक-रुक कर बारिश और हवाएं चल रही है।
मेघ गर्जन और बारिश के दौरान पेड़ों या बिजली के खंभों के नीचे खड़े होने से बचें। तेज हवाओं और लगातार बारिश के कारण सड़कों पर फिसलन हो सकती है, इसलिए वाहन चलाते समय सावधानी बरतें, किसानों से अनुरोध है कि वे अपनी कटी हुई फसलों और कृषि उत्पादों को सुरक्षित स्थान पर रखें।


