कांग्रेस की रैली सुपर फ्लॉप साबित होगी, देश की पुकार,कांग्रेस हटाओ, देश बचाओ : अशोक बड़ाईक
रांची : भाजपा झारखंड प्रदेश प्रवक्ता अशोक बड़ाईक ने कांग्रेस के प्रेस वार्ता पर पलटवार करते हुए ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान पर तीखा हमला करते हुए कहा कि कांग्रेस अपनी खोई हुई राजनीतिक जमीन बचाने के लिए वोट चोरी का शोर मचा रही है। जनता को गुमराह करने और चुनाव आयोग पर आरोप लगाने से कांग्रेस की राजनीतिक साख वापस नहीं आने वाली। दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली कांग्रेस की रैली भी केवल राजनीतिक दिखावा बनकर रह जाएगी। यह रैली सुपर फ्लॉप साबित होगी।
श्री बड़ाईक ने कहा कि कांग्रेस बताए कि वोट चोरी के उसके आरोपों के ठोस सबूत कहां हैं? हर चुनाव के बाद हार का ठीकरा चुनाव आयोग पर फोड़ना और संवैधानिक संस्थाओं को कटघरे में खड़ा करना कांग्रेस की पुरानी आदत बन गई है। सिर्फ शोर मचाने से सच नहीं बदलता और झूठे आरोपों से जनता का विश्वास नहीं जीता जा सकता।
उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग ने अपना पक्ष माननीय सुप्रीम कोर्ट के समक्ष रख दिया है। आयोग ने स्पष्ट किया है कि फॉर्म 6 में कोई बदलाव नहीं किया गया है और विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) से जुड़े सभी फैसले सर्वसम्मति से लिए गए हैं। आयोग ने यह भी कहा है कि मतदाता पंजीकरण नियम, 1960 के तहत निर्धारित फॉर्म में बदलाव करने का अधिकार केवल केंद्र सरकार के पास है। SIR प्रक्रिया के दौरान आवेदकों से मांगी गई घोषणा एक अलग दस्तावेज है, इसे फॉर्म 6 में कोई संशोधन नहीं माना जा सकता।
उन्होंने कहा कि मतदाता सूची को सही रखना जरूरी है, ताकि फर्जी नाम हटें और किसी योग्य मतदाता का नाम न कटे। भाजपा निष्पक्ष चुनाव और हर पात्र नागरिक के मताधिकार की सुरक्षा के पक्ष में है। यदि कांग्रेस को कोई शिकायत है, तो वह सबूतों के साथ उचित मंच पर अपनी बात रखे, न कि देश में अराजकता फैलाकर भ्रम फैलाए। लेकिन कांग्रेस अपने वोटबैंक घुसपैठियाँ को बचाने के लिए SIR का विरोध कर रही है।
अशोक बड़ाईक ने कहा कि कांग्रेस को जनता के मुद्दों पर जवाब देना चाहिए, न कि हर समय आरोपों की राजनीति करनी चाहिए। देश की जनता विकास, सुशासन और स्थिरता चाहती है, न कि राजनीतिक ड्रामेबाजी।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस जितना चाहे वोट चोरी का शोर मचाए, जनता को गुमराह करना आसान नहीं है। अब देश की मांग है “कांग्रेस हटाओ, देश बचाओ!’


