ब्रज मोहन राम को ओडिशा का राज्यपाल बनाए जाने पर राज्य सभा सांसद बैद्यनाथ राम ने दी बधाई
रांची: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने पलामू निवासी और तीन बार लोकसभा के सदस्य रह चुके ब्रज मोहन राम को ओडिशा का राज्यपाल नियुक्त किया है। उनकी नियुक्ति की घोषणा के बाद पलामू सहित पूरे झारखंड में खुशी का माहौल है। इस अवसर पर लातेहार निवासी राज्यसभा सांसद एवं झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय उपाध्यक्ष बैद्यनाथ राम ने ब्रज मोहन राम को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
राज्यसभा सांसद बैद्यनाथ राम ने कहा कि पलामू क्षेत्र के राजनेता को राज्यपाल जैसे महत्वपूर्ण संवैधानिक पद पर नियुक्त किया जाना पूरे पलामू प्रमंडल के लिए गौरव की बात है। उनकी नियुक्ति से झारखंड और पड़ोसी राज्य ओडिशा के बीच संबंध और अधिक मजबूत होने की उम्मीद है।
उन्होंने कहा कि ब्रज मोहन राम का अनुभव दोनों राज्यों के बीच आपसी सहयोग और समन्वय को नई दिशा देने में सहायक हो सकता है। महाप्रभु श्री जगन्नाथ की पावन भूमि ओडिशा में उनका कार्यकाल जनकल्याण, विकास और जनहित के कार्यों के लिए सार्थक साबित हो, यही उनकी मंगलकामना है।
गौरतलब है कि इससे पहले झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास भी ओडिशा के राज्यपाल के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। ब्रज मोहन राम की नियुक्ति को झारखंड के लिए सम्मान और गौरव का विषय माना जा रहा है।


