आरटीआई कार्यशाला में 150 प्रतिभागियों ने सीखे आवेदन और अपील के गुर
रांची: सूचना का अधिकार अधिनियम, 2005 के 21 वर्ष पूरे होने पर हमर अधिकार मंच और रांची सिटीजन फोरम के संयुक्त तत्वावधान में कोकर में निःशुल्क आरटीआई कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें झारखंड के 20 जिलों से आए 150 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।
कार्यशाला की अध्यक्षता संस्था के अध्यक्ष एवं सर्टिफाइड आरटीआई रिसोर्स पर्सन दीपेश निराला ने की। उन्होंने प्रतिभागियों को आरटीआई आवेदन तैयार करने, निर्धारित समय में सूचना नहीं मिलने पर प्रथम अपील और इसके बाद द्वितीय अपील करने की प्रक्रिया की जानकारी दी।
इस दौरान झारखंड राज्य सूचना आयोग में 8 मई 2020 से सुनवाई बाधित रहने और हजारों द्वितीय अपीलों व शिकायतों के लंबित होने पर चिंता जताई गई। प्रतिभागियों ने कहा कि चार नए सूचना आयुक्तों की नियुक्ति और शपथ ग्रहण के बावजूद अब तक सुनवाई शुरू नहीं होना चिंताजनक है।
कार्यशाला में सरकार से आयोग को तत्काल सक्रिय करने और लंबित मामलों की सुनवाई शुरू कराने की मांग की गई। प्रतिभागियों ने इस संबंध में सर्वोच्च न्यायालय, झारखंड हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश और राष्ट्रपति को पत्र भेजने का निर्णय लिया। साथ ही मुख्य सूचना आयुक्त की नियुक्ति अथवा कार्यवाहक मुख्य सूचना आयुक्त के माध्यम से सुनवाई शुरू कराने की मांग की गई।
कार्यक्रम में रेणुका तिवारी, मीना कुमारी, उमाशंकर सिंह, विनोद जैन बेगवानी सहित कई लोग उपस्थित थे। मंच संचालन रेणुका तिवारी और मीना कुमारी ने किया।


