रांची में दिखेगा ‘टेंपल ऑफ टुगेदर’ का भव्य स्वरूप, 14 अक्टूबर तक तैयार होगा आरआर स्पोर्टिंग क्लब का पूजा पंडाल

रांची: राजधानी रांची में दुर्गा पूजा को लेकर भव्य और आकर्षक पूजा पंडालों का निर्माण जोर-शोर से किया जा रहा है। इस बार रातू रोड स्थित आरआर स्पोर्टिंग क्लब का पूजा पंडाल खास आकर्षण का केंद्र बनने की तैयारी में है। क्लब की ओर से इस वर्ष ‘टेंपल ऑफ टुगेदर’ की थीम पर पंडाल का निर्माण कराया जा रहा है। इसकी भव्य संरचना श्रद्धालुओं को एक अलग अनुभव देने के उद्देश्य से तैयार की जा रही है। पंडाल को 14 अक्टूबर तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
पंडाल के निर्माण में बंगाल के अनुभवी कलाकार पिछले दो महीने से लगातार जुटे हुए हैं। कलाकार इसकी बनावट, सजावट और आकर्षक स्वरूप को अंतिम रूप देने में लगे हैं। क्लब का दावा है कि इस वर्ष का पंडाल अपनी अनूठी थीम और कलात्मक संरचना के कारण झारखंड में अलग पहचान बनाएगा।
आरआर स्पोर्टिंग क्लब के अध्यक्ष विक्की यादव ने बताया कि क्लब पिछले 54 वर्षों से रातू रोड में दुर्गा पूजा का आयोजन करता आ रहा है। हर वर्ष श्रद्धालुओं के लिए कुछ नया और विशेष प्रस्तुत करने का प्रयास किया जाता है। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस बार ‘टेंपल ऑफ टुगेदर’ की थीम चुनी गई है। उन्होंने कहा कि इस तरह का प्रारूप झारखंड में कहीं और देखने को नहीं मिलेगा और इसे देखने के लिए श्रद्धालुओं को रातू रोड आना होगा।
विक्की यादव ने बताया कि पिछले वर्ष क्लब ने पूजा पंडाल के माध्यम से दो धर्मों की झलक प्रस्तुत की थी, जिसे श्रद्धालुओं के बीच काफी लोकप्रियता मिली थी। इस वर्ष भी नई थीम को लेकर लोगों में उत्सुकता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि निर्माण कार्य पूरा होने के बाद पंडाल अपने भव्य और आकर्षक स्वरूप से श्रद्धालुओं का ध्यान आकर्षित करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *