रूपी सोरेन का नेमरा में राजकीय सम्मान के साथ होगा अंतिम संस्कार
रांची: दिवंगत नेता एवं झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री दिशोम गुरु शिबू सोरेन की धर्मपत्नी तथा मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की माता रूपी सोरेन का अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव नेमरा में राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। उनके निधन की खबर से रामगढ़ सहित पूरे झारखंड में शोक की लहर है।
रूपी सोरेन का पार्थिव शरीर गुरुवार सुबह करीब 11 बजे उनके पैतृक गांव नेमरा पहुंचेगा। यहां आम लोगों, समर्थकों, परिजनों और शुभचिंतकों के अंतिम दर्शन एवं श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए पार्थिव शरीर रखा जाएगा। बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम के बाद पार्थिव शरीर को अंतिम संस्कार के लिए नाड़ी दरहा घाट ले जाया जाएगा। यहां पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
अंतिम संस्कार में बड़ी संख्या में वीआईपी, विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता, सामाजिक कार्यकर्ता और समर्थकों के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए रामगढ़ जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। नेमरा गांव से लेकर अंतिम संस्कार स्थल तक सुरक्षा बलों की तैनाती, यातायात व्यवस्था और अन्य आवश्यक नागरिक सुविधाओं को दुरुस्त करने का काम किया जा रहा है।


