वाणिज्यकर सर्किलों में संयुक्त आयुक्त की पदस्थापना शीघ्र हो : झारखण्ड चैंबर

रांची :वाणिज्यकर विभाग के विभिन्न सर्किल कार्यालयों में संयुक्त आयुक्त के पद रिक्त रहने के कारण व्यवसायियों को हो रही असुविधा को देखते हुए आज चैम्बर भवन में बैठक कर स्थिति की समीक्षा की गई। बैठक में डीलरों द्वारा सामना किये जा रहे व्यावहारिक समस्याओं एवं लंबित कार्यों के कारण व्यापार संचालन में उत्पन्न हो रही बाधाओं पर चिंता व्यक्त की गई।

यह कहा गया कि वाणिज्यकर विभाग में हालिया स्थानांतरण एवं पदोन्नति के पश्चात कई सर्किल कार्यालय संयुक्त आयुक्त के नियमित प्रभार के बिना संचालित हो रहे हैं। चूंकि कई महत्वपूर्ण वैधानिक एवं प्रशासनिक कार्य सर्किल प्रभारी के स्तर से संपादित होते हैं, ऐसे में आवश्यक प्रक्रियाओं के लंबित रहने से व्यापारियों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

विशेषकर झारखण्ड वैट के अंतर्गत आनेवाले पेट्रोलियम उत्पाद, शराब एवं अन्य गैर-जीएसटी वस्तुओं का कारोबार करने वाले व्यापारियों को नई जेवैट एवं सीएसटी पंजीकरण प्राप्त करने, पंजीकरण में आवश्यक संशोधन कराने, वस्तुओं को जोड़ने अथवा हटाने, व्यवसायिक पता एवं नए गोदाम की जानकारी अपडेट कराने तथा आवश्यक वैधानिक फॉर्म प्राप्त करने में परेशानी हो रही है। बैठक के उपरांत चैम्बर द्वारा माननीय मुख्यमंत्री को पत्राचार कर इस समस्या के शीघ्र समाधान हेतु आवश्यक पहल करने का आग्रह किया गया।

चैम्बर अध्यक्ष तुलसी पटेल ने कहा कि अधिकारियों के पद रिक्त रहने से यदि पंजीकरण, संशोधन एवं आवश्यक फॉर्म जारी करने जैसी प्रक्रियाएं प्रभावित होती हैं, तो इसका सीधा असर व्यापारिक गतिविधियों के साथ-साथ राज्य के राजस्व पर भी पड़ता है। उन्होंने माननीय मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि सभी रिक्त सर्किल कार्यालयों में यथाशीघ्र संयुक्त आयुक्त की पदस्थापना की जाय। जब तक नियमित पदस्थापना नहीं होती, तब तक संबंधित सर्किल में कार्यरत वरिष्ठतम अधिकारी, जैसे उपायुक्त को आवश्यक प्रशासनिक शक्तियां अस्थायी रूप से प्रदान करने पर विचार किया जाए, ताकि लंबित कार्यों का निष्पादन सुचारु रूप से हो सके।

बैठक में चैम्बर अध्यक्ष तुलसी पटेल, उपाध्यक्ष विकास विजयवर्गीय, महासचिव रोहित अग्रवाल, सह सचिव अमित शर्मा एवं सदस्य संतोष अग्रवाल उपस्थित थे।

–

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *