जेसीआई एक्सपो उत्सव में उमड़ा जनसैलाब, बच्चों से लेकर बड़ों तक ने उठाया मेले का आनंद

रांची : युवा सामाजिक एवं व्यापारिक संगठन जेसीआई के बहुप्रतीक्षित ‘एक्सपो उत्सव 2026’ का भव्य आयोजन शुरू हो गया है। सात दिवसीय यह व्यापार मेला 7 अक्टूबर तक चलेगा। इस वर्ष एक्सपो अपनी 29वीं वर्षगांठ मना रहा है। मेले में देश के विभिन्न शहरों के साथ विदेशी ब्रांड्स और कारोबारियों के भी स्टॉल लगाए गए हैं। शुरुआत के साथ ही एक्सपो परिसर में लोगों की भारी भीड़ उमड़ रही है।
एक्सपो के चीफ को-ऑर्डिनेटर जेसी एचजीएफ सीए प्रशांत पाटोदिया ने बताया कि इस वर्ष करीब 400 वातानुकूलित स्टॉल लगाए गए हैं। इनमें बड़े ब्रांड्स, स्टार्टअप, ऑटोमोबाइल, ड्राई फ्रूट्स सहित विभिन्न उत्पादों के स्टॉल शामिल हैं। महिला उद्यमियों के लिए विशेष ‘पिंक हैंगर’ बनाया गया है। वहीं बच्चों के मनोरंजन के लिए एम्यूजमेंट पार्क में विभिन्न प्रकार के झूले लगाए गए हैं।
रांची विधायक सीपी सिंह ने एक्सपो का भ्रमण कर आयोजन की सराहना की और जेसीआई के युवा सदस्यों को शुभकामनाएं दीं। पूर्व अध्यक्ष नारायण मुरारका एवं को-ऑर्डिनेटर्स ने उन्हें दुपट्टा और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। जीएसटी के सुप्रिटेंडेंट संजीव कुमार झा ने भी मेले का भ्रमण किया।
3 अक्टूबर को नाइट मार्केट का आयोजन होगा, जिसमें रात 9 बजे से 12 बजे तक स्टॉल खुले रहेंगे। कार्निवाल थीम पर होने वाले आयोजन में जोकर और फायर जगलर आकर्षण का केंद्र होंगे। 2 अक्टूबर को आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता में 150 बच्चों ने हिस्सा लिया। इसके अलावा ट्रेजर हंट और तंबोला का भी आयोजन हुआ।
आयोजन के दौरान 3 अक्टूबर को डॉग शो और ‘वॉयस ऑफ एक्सपो’, 4 अक्टूबर को एक्सपो टैंक और डांस प्रतियोगिता, 6 अक्टूबर को भजन जैमिंग तथा 7 अक्टूबर को योगा प्रतियोगिता और बुटीक एक्सपो फैशन शो होगा। आयोजकों के अनुसार क्यूआर कोड के माध्यम से विभिन्न कार्यक्रमों में रजिस्ट्रेशन और एंट्री टिकट की बुकिंग की जा सकती है।
आयोजन को सफल बनाने में जेसीआई अध्यक्ष अभिषेक जैन, सचिव साकेत अग्रवाल समेत संस्था के पदाधिकारी और सदस्य सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। यह जानकारी एक्सपो के मीडिया प्रभारी जेसी वरुण जालान ने दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *