खेल के साथ शिक्षा और स्वरोजगार के क्षेत्र में भी आगे बढ़ें युवा : रामसूर्या मुंडा
खूंटी: खूंटी जिले के विभिन्न क्षेत्रों में आयोजित खेल प्रतियोगिताओं में खूंटी विधायक रामसूर्या मुंडा शामिल हुए और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। मुरहू प्रखंड अंतर्गत जन्मबकड़ी मैदान में तीन दिवसीय मनी प्राइज हॉकी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें कुल 24 टीमों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार के रूप में 80 हजार रुपये नगद प्रदान किया गया।
जन्मबकड़ी में आयोजित प्रतियोगिता में विधायक रामसूर्या मुंडा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साह बढ़ाया।
वहीं, खूंटी प्रखंड के सरजोमा में आयोजित फुटबॉल प्रतियोगिता में भी विधायक रामसूर्या मुंडा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
विधायक रामसूर्या मुंडा ने कहा कि खेल के साथ-साथ शिक्षा के क्षेत्र में भी युवाओं को आगे बढ़कर योगदान देने की आवश्यकता है। शिक्षा युवाओं के उज्ज्वल भविष्य का आधार है, जबकि खेल अनुशासन, मेहनत और नेतृत्व की भावना विकसित करता है।
उन्होंने कहा कि युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए स्वरोजगार के क्षेत्र में भी आगे बढ़ना जरूरी है। युवा अपनी प्रतिभा और कौशल का उपयोग करते हुए रोजगार के अवसर पैदा करें तथा अपने परिवार और समाज को आगे बढ़ाने में योगदान दें।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। जरूरत है कि इन प्रतिभाओं को उचित अवसर और बेहतर मंच मिले। खेल के माध्यम से युवा अपने क्षेत्र और जिले का नाम रोशन कर सकते हैं।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान घासीराय मुंडा, मोसो मुंडा, उपमुखिया सुरजू टुटी, जीतवाहन कैटा, बाजो पाहन, पंचायत अध्यक्ष एतवा पाहन,JMM मुरहू प्रखंड कमेटी के अध्यक्ष सालन ओड़ेया, सचिव कुंवार सिंह मुंडरी, जिला उपाध्यक्ष सनिका बोदरा, कर्मसिंग ओड़िया, नोट्रोथ पूर्ति समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता, खिलाड़ी एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।


