आरकेडीएफ विश्वविद्यालय के विधि विद्यालय में नवागंतुक विद्यार्थियों का स्वागत

रांची : आरकेडीएफ विश्वविद्यालय, रांची के विधि विद्यालय में नवागंतुक विद्यार्थियों के लिए विशेष स्वागत एवं मार्गदर्शन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य नए विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय के शैक्षणिक वातावरण, अनुशासन, विधि शिक्षा की व्यावहारिकता और परिसर की गतिविधियों से परिचित कराना था।


कार्यक्रम में उच्च न्यायालय एवं निचली अदालत के अधिवक्ताओं ने विद्यार्थियों से संवाद किया और न्यायालयीन कार्यप्रणाली से जुड़े अपने अनुभव साझा किए। अधिवक्ताओं ने कहा कि विधि के क्षेत्र में सफल करियर के लिए केवल पुस्तकीय ज्ञान पर्याप्त नहीं है। इसके लिए कानून की व्यावहारिक समझ, तार्किक क्षमता, प्रभावी संवाद कौशल, अनुशासन और पेशेवर नैतिकता भी आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को न्यायिक एवं विधिक क्षेत्र की गरिमा के अनुरूप अपने व्यक्तित्व का विकास करने की सलाह दी।
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय की कुलाधिपति डॉ. साधना कपूर ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से विद्यार्थियों को संबोधित किया।

उन्होंने विद्यार्थियों से विधि की शिक्षा को गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ ग्रहण करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी अपने शैक्षणिक जीवन में अनुशासन, सकारात्मक सोच और निरंतर सीखने की आदत विकसित करें।
इस अवसर पर कुलपति, प्रति-कुलपति, कुलसचिव, शैक्षणिक अधिष्ठाता, विधि विद्यालय के अधिष्ठाता एवं विभागाध्यक्ष सहित विश्वविद्यालय के वरिष्ठ पदाधिकारी और शिक्षक मौजूद रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को मेहनत, अनुशासन और निरंतर ज्ञान अर्जित करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय के नियम-कायदे, अनुशासन, शैक्षणिक आचरण, व्यवहार एवं परिसर की गरिमा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। वरिष्ठ एवं अति वरिष्ठ विद्यार्थियों ने भी नवागंतुकों के साथ अपने अनुभव साझा किए।
समारोह में विद्यार्थियों ने संगीत, नृत्य सहित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं। रंगारंग कार्यक्रमों ने समारोह में उत्साह और उमंग का माहौल बना दिया। कार्यक्रम ने नवागंतुक विद्यार्थियों के लिए विधि शिक्षा की नई यात्रा की शुरुआत के साथ उन्हें भविष्य के पेशेवर जीवन के लिए तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *