खूंटी में कांग्रेस की विरोध पदयात्रा, मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग
खूंटी: अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर सोमवार को खूंटी जिला कांग्रेस कमेटी ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली के विरोध में पदयात्रा निकाली। जिला अध्यक्ष रवि मिश्रा के नेतृत्व में एसएस स्कूल के समीप से शुरू हुई पदयात्रा बाजार टांड़ होते हुए समाहरणालय पहुंची। इसमें बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए।
कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर “वोट चोर-गद्दी छोड़” और “मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दो” के नारे लगाए। समाहरणालय पहुंचने के बाद जिला अध्यक्ष के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की गई।
रवि मिश्रा ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग केंद्र सरकार के दबाव में काम कर रहा है और लोकतांत्रिक संस्थाओं की गरिमा प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी इस मुद्दे पर सड़क से सदन तक संघर्ष जारी रखेगी। उन्होंने संवैधानिक पद की गरिमा बनाए रखने की भी मांग की।
मौके पर चैतू उरांव, हिमांशु राय, पीटर मुंडू, रामकृष्ण चौधरी, नईमुद्दीन खान, विलसन तोपनो, एलेक्सियूस परधिया सहित कांग्रेस के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद थे।


