मुरहू का ऐतिहासिक दस दिवसीय गणेश महोत्सव सम्पन्न, धूमधाम से हुआ विसर्जन

खूंटी: जिले के मुरहू में चल रहे दस दिवसीय श्री गणेश महोत्सव का शुक्रवार को विधि-विधान और हर्षोल्लास के साथ समापन हो गया। सुबह से ही मंदिरों और पंडालों में भक्तों की भीड़ उमड़ी रही। समाजसेवी डॉ डीएन तिवारी एवं सुबोध मुखिया ने कहा कि दस दिन के भव्य पूजन के पश्चात ग्यारहवें दिन विसर्जन के पहले पंडितजी द्वारा हवन-पूजन और आरती के बाद गाजे-बाजे के साथ बप्पा की शोभायात्रा निकाली गई। “गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ” के जयकारों से पूरा मुरहू गूंज उठा। डॉ तिवारी ने कहा कि 2013से दस दिवसीय गणेश पूजन होता आ रहा है,जो खूंटी जिला में एकमात्र ऐतिहासिक कार्यक्रम है।दिन प्रतिदिन लोगों की श्रद्धा और आस्था में वृद्धि होती जा रही है। पूरे सफर में गणेश जी के जयकारे के साथ सैकड़ों लोग झमाझम बारिश में भी झूमते नजर आए।
युवाओं की टोली डीजे और ढोल-नगाड़ों पर थिरकती नजर आई। महिलाएं और बच्चों में विशेष उत्साह देखा गया।
भक्तों ने बताया कि 10 दिनों तक रोजाना भजन-कीर्तन और प्रसाद वितरण का आयोजन किया गया था। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्थानीय प्रशासन भी मौजूद रहा।अंत में स्थानीय जलाशय में बप्पा का विसर्जन किया गया, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालु शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *