जमशेदपुर के कैनरा बैंक में 50 लाख नकद और भारी मात्रा में सोने के जेवरात की लूट

रांची : जमशेदपुर में गुरुवार को अपराधियों ने बैंक लूट की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि बैंक खुलते ही करीब पांच हथियारबंद अपराधी कैनरा बैंक की शाखा में घुस गए। अपराधियों ने हथियार के बल पर बैंक कर्मचारियों को अपने कब्जे में ले लिया और सभी को बंधक बना लिया। इसके बाद अपराधियों ने बैंक में रखे करीब 50 लाख रुपये नकद और भारी मात्रा में सोने के जेवरात लूट लिए।
वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी बैंक से बाहर निकले और पैदल ही मौके से फरार हो गए। अचानक हुई इस घटना से बैंक परिसर में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस के वरीय अधिकारी और स्थानीय पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने बैंक कर्मचारियों से घटना के संबंध में पूछताछ की है। साथ ही बैंक परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके। पुलिस टीम ने अपराधियों के भागने वाले संभावित रास्तों की भी जांच शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, अपराधियों की संख्या करीब पांच बताई जा रही है और सभी हथियारों से लैस थे। पुलिस अधिकारियों की निगरानी में बैंक के अंदर लूट से संबंधित साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि अपराधी बैंक के अंदर कितनी देर तक रहे और उन्हें बैंक में रखी नकदी व सोने के जेवरात की जानकारी कैसे मिली।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। लूटे गए नकद और सोने के जेवरात की वास्तविक मात्रा का आकलन भी किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *