करमा पूजा विसर्जन के दौरान गंगा में हादसा, दो बच्चों की तलाश जारी

पटना : करमा पूजा का विसर्जन करने के दौरान बख्तियारपुर के डिडौर घाट के पास गंगा नदी में हादसा हो गया। पूजा सामग्री विसर्जित करने के दौरान तीन बच्चों के गंगा में डूबने की सूचना है। इनमें से एक बच्चे को स्थानीय लोगों की मदद से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि दो बच्चों की तलाश जारी है।
घटना की जानकारी मिलते ही घाट पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल गंगा में उतरकर बच्चों की तलाश शुरू की। सूचना मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंची तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया गया।
बताया जा रहा है कि करमा पूजा के बाद विसर्जन के लिए लोग गंगा घाट पहुंचे थे। इसी दौरान बच्चे गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। एक बच्चे को समय रहते बाहर निकाल लिया गया, जबकि दो अन्य पानी में लापता हो गए।
लापता बच्चों की तलाश के लिए गोताखोरों की मदद ली जा रही है। प्रशासन की टीम भी मौके पर मौजूद है और गंगा नदी में लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। हादसे के बाद मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन जुटे हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *