गांधी की जयंती पर डीसी आर. रॉनिटा सहित जिला स्तरीय पदाधिकारियों व ग्रामीणों ने दतिया में बापू की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर दी श्रद्धांजलि
खूंटी : राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर गुरुवार को खूंटी के दतिया ग्राम में नगर पंचायत खूँटी की ओर से भव्य समारोह का आयोजन कर गांधी चौक पर उनकी प्रतिमा पर श्रद्धा सुमन अर्पित कर श्रंद्धांजलि दी गई। मौके पर मुख्य रूप से उपायुक्त, श्रीमती आर. रॉनिटा समेत सिविल सर्जन, कार्यपालक पदाधिकारी नगर पंचायत, जिले के अन्य पदाधिकारियों व ग्रामीणों द्वारा दतिया स्थित गांधी चौक पर बापू की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किया गया।
उपायुक्त ने लोगों को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी के जीवन मूल्यों से प्रेरणा लेने के संदेश दिए एवं सभी को स्वच्छता की शपथ दिलाई गई। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी ने ऐसे भारत का सपना देखा था जो न केवल आजाद हो अपितु स्वच्छ और विकसित भी हो। इस अवसर पर हम सभी को यह संकल्प लेने की आवश्यकता है कि स्वैच्छिक रूप से स्वच्छता एवं साफ-सफाई की दिशा में कार्य करेंगे। बापू के आदर्शों को अपनाते हुए देश के विकास में उनके बताये गये मार्गों का अनुसरण करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।
इस मौके पर उपायुक्त ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले सफाई मित्र, जलसहिया समेत अन्य को प्रशस्ति पत्र एवं शॉल भेंट कर सम्मानित किया। वहीं स्वच्छता को लेकर विद्यालयों में आयोजित हुए निबंध एवं चित्रांकन प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरुस्कृत भी किया गया।

