चंद्रशेखर आजाद दुर्गा पूजा समिति की नई कमेटी गठित, रमेश सिंह फिर बने अध्यक्ष
रांची : चंद्रशेखर आजाद दुर्गा पूजा समिति की वर्ष 2026 की नई कमेटी का गठन रविवार को सर्जना चौक स्थित राम मंदिर पूजा प्रांगण में आयोजित बैठक में सर्वसम्मति से किया गया। बैठक में संस्थापक सदस्यों और समिति के वर्तमान पदाधिकारियों एवं सदस्यों की मौजूदगी में वर्ष 2025 की कमेटी को भंग कर नई कमेटी की घोषणा की गई।
समिति के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य और शहर के समाजसेवी रमेश सिंह को एक बार फिर अध्यक्ष मनोनीत किया गया। वहीं संस्थापक सदस्य रामानंद ठाकुर को महासचिव चुना गया। इसके अलावा मुख्य संरक्षक, संरक्षक, कार्यकारी अध्यक्ष, वरीय उपाध्यक्ष, कार्यकारी सचिव, संयुक्त सचिव, कोषाध्यक्ष, सह कोषाध्यक्ष, पूजा प्रभारी, पंडाल प्रभारी, मीडिया प्रभारी अभिषेक पाठक, कार्यकारिणी सदस्य, विशेष आमंत्रित सदस्य, कानूनी सलाहकार, लकी कूपन प्रभारी, एड स्टॉल प्रभारी और सांस्कृतिक कार्यक्रम संयोजक समेत विभिन्न पदों पर सदस्यों की जिम्मेदारी तय की गई।
नई कमेटी की घोषणा के बाद उपस्थित पदाधिकारियों और सदस्यों ने अध्यक्ष रमेश सिंह का माला पहनाकर एवं माता की चुनरी ओढ़ाकर स्वागत किया। इसके साथ ही समिति के सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों और सदस्यों का भी अभिनंदन किया गया।
बैठक के बाद पूजा पंडाल परिसर में संवाददाता सम्मेलन आयोजित किया गया। इस दौरान समिति के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म की लॉन्चिंग अध्यक्ष रमेश सिंह एवं अन्य पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से की। समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से वर्ष 1971 में समिति की स्थापना से लेकर वर्तमान तक आयोजित दुर्गापूजा सहित विभिन्न धार्मिक और सामाजिक गतिविधियों की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।
समिति की ओर से वर्ष 1971 से आकस्मिक परिस्थितियों को छोड़कर लगातार दुर्गापूजा का आयोजन किया जा रहा है। इसके अलावा सरहुल और रामनवमी के अवसर पर सेवा शिविर तथा समय-समय पर विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाते हैं।
इस वर्ष पूजा पंडाल की लाइटिंग और सजावट विशेष आकर्षण का केंद्र होगी। पंडाल में 3डी एनीमेशन आधारित लाइटिंग की व्यवस्था की जाएगी, जो दर्शनार्थियों को आकर्षित करेगी।


