नौ एंट्री में तीन पहिया मालवाहक वाहनों की छूट देने की FJCCI की मांग
रांची : रांची शहरी क्षेत्र में आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति में लगे तीन पहिया मालवाहक वाहनों को नो-एंट्री अवधि में प्रवेश और परिचालन की अनुमति देने का आग्रह किया।
चैंबर अध्यक्ष तुलसी पटेल ने कहा कि वर्तमान में रांची शहर में सुबह 9 से 11 बजे और शाम 5 से 7 बजे तक नो-एंट्री व्यवस्था लागू है। इससे छोटे मालवाहक वाहनों के माध्यम से आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति करने वाले व्यापारियों को परेशानी हो रही है। उन्होंने कहा कि पूर्व में ऐसे वाहनों को नो-एंट्री अवधि में परिचालन की अनुमति दी जाती थी, लेकिन इसकी अवधि समाप्त होने के बाद अब तक विस्तार नहीं किया गया है।
चैंबर प्रतिनिधियों ने बताया कि पूर्व में शहर में फ्लाईओवर निर्माण कार्य के कारण यातायात व्यवस्था को देखते हुए इन वाहनों के परिचालन पर रोक थी। अब तीनों फ्लाईओवर का निर्माण पूरा हो चुका है और यातायात व्यवस्था भी सामान्य हो गई है। ऐसे में आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति करने वाले तीन पहिया मालवाहक वाहनों को पूर्व की तरह नो-एंट्री अवधि में प्रवेश की अनुमति दी जानी चाहिए।
प्रतिनिधिमंडल ने सुझाव दिया कि यदि सुबह की नो-एंट्री अवधि में छूट देना संभव नहीं है, तो कम से कम शाम 5 से 7 बजे के दौरान आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति करने वाले वाहनों को अनुमति दी जाए। इससे शहर में दूध, सब्जी, किराना समेत अन्य आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति प्रभावित नहीं होगी।
ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह ने प्रतिनिधिमंडल के सुझावों की समीक्षा कर उचित निर्णय लेने का आश्वासन दिया। प्रतिनिधिमंडल में चैंबर अध्यक्ष तुलसी पटेल, उपाध्यक्ष विकास विजयवर्गीय, महासचिव रोहित अग्रवाल, सह सचिव अमित शर्मा, पूजा ढाढा, विनीता सिंघानिया, अमित अग्रवाल, जेटा अध्यक्ष संजय जालान सहित विभिन्न व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधि शामिल थे।


