उपायुक्त मो० जावेद हुसैन ने शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक कर दिए आवश्यक निर्देश

खूंटी : समाहरणालय स्थित सभागार में उपायुक्त मो० जावेद हुसैन की अध्यक्षता में शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विद्यालयों में शिक्षा व्यवस्था, पीएम पोषण शक्ति निर्माण योजना एवं विद्यार्थियों के स्वास्थ्य से संबंधित विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा की गई।

उपायुक्त ने निर्देश दिया कि बच्चों को मध्याह्न भोजन ससमय, निर्धारित मेनू के अनुसार एवं पौष्टिक रूप से उपलब्ध कराया जाए। पीएम पोषण शक्ति निर्माण योजना के तहत विद्यालयों में पोषण वाटिका विकसित करने तथा मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता एवं व्यवस्था का संबंधित अधिकारियों द्वारा नियमित निरीक्षण कर जांच करने का निर्देश दिया गया। साथ ही खाद्यान्न के उचित रख-रखाव एवं सुरक्षित भंडारण पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।

बैठक में शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं की प्रतिदिन ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज कराने, विद्यालयों में नियमित स्वास्थ्य जांच कराने तथा विद्यार्थियों के बीच IFA गोली का वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। दिव्यांग बच्चों को चिन्हित कर विशेष कैंप आयोजित करने एवं पात्र बच्चों का दिव्यांगता प्रमाण पत्र निर्गत कराने को भी कहा गया। इसके अलावा छात्रों का आधार एवं आपार निर्माण को लेकर भी निर्देश दिए गए।

उपायुक्त ने कहा कि शिक्षक अपनी जिम्मेदारी एवं उत्तरदायित्व को समझते हुए छात्र-छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करें। विद्यालयों में बेहतर शैक्षणिक वातावरण सुनिश्चित करते हुए बच्चों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दिया जाए। उपायुक्त ने कहा कि पठन-पाठन के साथ साथ छात्रों को अनुशासित रखना भी शिक्षकों की जिम्मेदारी है, बच्चें नियमित रूप विद्यालय में स्कूल यूनिफार्म के साथ आए यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

बैठक के दौरान उपायुक्त ने RAIL टेस्ट की तैयारियों एवं प्रगति की जानकारी ली तथा टेस्ट में शामिल होने वाले छात्र-छात्राओं की संख्या के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अधिक से अधिक योग्य विद्यार्थियों की सहभागिता सुनिश्चित करने तथा परीक्षा से संबंधित आवश्यक तैयारियां समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। बच्चों पठन पाठन हेतु प्रेरित करें, जिससे वह विभिन्न परीक्षाओं में बेहतर परिणाम ला सके। विद्यालयों में नीट समेत अन्य प्रतियोगिता परीक्षा की तैयारियों के साथ-साथ ऑनलाइन माध्यम से क्लास संचालित करने के विषय पर चर्चा की गई, एवं जल्द संचालन के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में उप विकास आयुक्त, सिविल सर्जन, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक, सभी बीईओ, सभी विद्यालयों के प्रधानाध्यापक सहित शिक्षा विभाग के अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *