जेपीएससी-जेएसएससी छात्र आंदोलन : सीबीआई जांच तक जारी रहेगा आंदोलन, 25वें दिन भी डटे छात्र

रांची : राजधानी रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में जेपीएससी-जेएसएससी परीक्षा में कथित धांधली की सीबीआई जांच की मांग को लेकर छात्रों का आंदोलन मंगलवार को 25वें दिन भी जारी रहा। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की ओर से छात्रों की लगभग सभी प्रमुख मांगों को मान लिए जाने के बाद आंदोलनरत छात्रों में खुशी का माहौल देखा गया। छात्रों ने आंदोलन स्थल पर जश्न मनाया, वहीं कुछ छात्रों ने अपना अनशन भी समाप्त कर दिया।
सरकार की ओर से टीडीपीएल के माध्यम से आयोजित परीक्षाओं और उससे जुड़ी भर्तियों को रद्द करने की घोषणा के बाद छात्रों ने इसे अपनी मांगों की दिशा में बड़ी उपलब्धि बताया। हालांकि, छात्र नेताओं का कहना है कि जब तक सरकार की ओर से लिए गए फैसलों को लिखित रूप में नहीं दिया जाता और जेपीएससी-जेएसएससी परीक्षाओं में हुई कथित अनियमितताओं की सीबीआई जांच की अनुशंसा नहीं की जाती, तब तक आंदोलन समाप्त नहीं होगा।
सीबीआई जांच की मांग को लेकर रूपेश कुमार और सबीता कुमारी अब भी भूख हड़ताल पर हैं। दोनों आंदोलन स्थल पर डटे हुए हैं और अपनी मांगों को लेकर संघर्ष जारी रखे हुए हैं।
छात्र नेता मयंक राजपूत ने कहा कि छात्रों की प्रमुख मांगों में सीजीएल परीक्षा को रद्द करना भी शामिल था, जिसे सरकार ने मान लिया है। उन्होंने इसके लिए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का आभार जताया। हालांकि उन्होंने कहा कि सरकार ने जिन मांगों को स्वीकार किया है, उन्हें लिखित रूप में देना जरूरी है। इसके साथ ही जेपीएससी और जेएसएससी परीक्षाओं में हुई कथित धांधली की सीबीआई जांच भी जरूरी है।
मयंक राजपूत ने कहा कि सीबीआई जांच होने से इस मामले में शामिल बड़े लोगों तक जांच पहुंच सकती है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई संभव होगी। उन्होंने कहा कि छात्रों की यह आधी जीत है और पूरी जीत तब मानी जाएगी, जब सरकार सीबीआई जांच की अनुशंसा करेगी।छात्र नेता कुणाल कुमार ने भी कहा कि सीबीआई जांच की मांग पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा। छात्रों का कहना है कि सरकार के फैसलों के बाद आंदोलन को लेकर सकारात्मक माहौल बना है, लेकिन अंतिम मांग पूरी होने तक वे पीछे हटने वाले नहीं हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *