मुरहू में खराब हाई मास्क लाइटों की मरम्मत और 1000 सोलर स्ट्रीट लाइट लगाने की उप प्रमुख अरुण साबू की मांग
खूंटी: जिले के मुरहू प्रखंड की विभिन्न पंचायतों में खराब पड़ी हाई मास्क लाइटों की मरम्मत कराने और नए सिरे से सोलर स्ट्रीट लाइट एवं हाई मास्क लाइट लगाने की उप प्रमुख अरुण साबू ने मांग की है। इस संबंध में जरेडा के निदेशक को आवेदन देकर जनहित में आवश्यक कार्रवाई की मांग की गई है।
आवेदन में कहा गया है कि मुरहू प्रखंड की विभिन्न पंचायतों में करीब तीन वर्ष पूर्व हाई मास्क लाइटें लगाई गई थीं। स्थापना के महज छह माह बाद ही अधिकांश लाइटें खराब हो गईं। कई स्थानों पर लाइटें क्षतिग्रस्त हैं, जबकि कई जगह बैटरी भी उपलब्ध नहीं है। स्थानीय स्तर पर कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो सका है। इससे सरकारी राशि से स्थापित लाखों रुपये की परिसंपत्तियां अनुपयोगी पड़ी हैं।
आवेदन के अनुसार विचना पंचायत के पेलोल अखाड़ा और स्कूल के पीछे, इंडीपीडी पंचायत भवन, कुदापूर्ती के किताहातु, बिंदा पंचायत के गुलु मोड़, बिंदा चौक, जाते चौक और उपकेंद्र, मुरहू अस्पताल, पंचायत भवन, चमरातोली मोड़ और मुरहू चौक सहित कई स्थानों पर हाई मास्क लाइटें स्थापित हैं। इसके अलावा कूदा पंचायत के बारीडीह, कोडकेल पंचायत के पंचघाघ जलप्रपात एवं गुरमी मोड़ तथा दिगरी पंचायत के सपारोंम उपकेंद्र और डोंबरी बुरु में भी प्रकाश व्यवस्था की आवश्यकता बताई गई है।
मांग की गई है कि इन सभी स्थानों का स्थलीय निरीक्षण कर खराब लाइटों, बैटरियों और अन्य उपकरणों की मरम्मत अथवा उन्हें बदलकर जल्द चालू कराया जाए।
इसके साथ ही मुरहू प्रखंड की विभिन्न पंचायतों और सार्वजनिक स्थलों के लिए 1,000 नग 100 वाट क्षमता वाली सोलर स्ट्रीट लाइट तथा 50 नग हाई मास्क लाइट लगाने की स्वीकृति देने की मांग की गई है। इन्हें पंचायत भवन, अस्पताल, विद्यालय, बाजार, चौक-चौराहों, मुख्य मार्गों और पर्यटन स्थलों पर लगाने का प्रस्ताव है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में प्रकाश व्यवस्था बेहतर होने के साथ आम लोगों की सुरक्षा और सुविधा भी बढ़ने की उम्मीद है।


