कौशल विकास और उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए JRGA और AJU के बीच समझौता
गणादेश,रांची: झारखंड में कौशल विकास, उद्यमिता और उद्योग–शिक्षा सहयोग को बढ़ावा देने की दिशा में JRGA फाउंडेशन और आर्का जैन यूनिवर्सिटी ने महत्वपूर्ण पहल की है। AJU के घम्हरिया कैंपस में आयोजित झारखंड टेक्सटाइल एवं अपैरल कॉन्क्लेव 2026 के दौरान दोनों संस्थानों के बीच समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए।
कॉन्क्लेव में उद्योग जगत के प्रतिनिधियों, शिक्षाविदों, उद्यमियों और विद्यार्थियों ने भाग लिया। कार्यक्रम का नेतृत्व JRGA फाउंडेशन के अध्यक्ष अभिताभ श्रीवास्तव ने किया। उन्होंने कौशल, उद्यमिता, उत्पादन और बाजार पहुंच को जोड़ने वाले समग्र इकोसिस्टम की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि झारखंड की स्थानीय क्षमताओं का प्रभावी उपयोग कर सतत रोजगार और उद्यम के अवसर विकसित किए जा सकते हैं।
MoU के तहत विद्यार्थियों को उद्योग आधारित अनुभव, कौशल प्रशिक्षण और उद्यमिता के अवसर उपलब्ध कराने के साथ ज्ञान एवं संसाधनों के आदान-प्रदान को बढ़ावा दिया जाएगा। उद्योग की बदलती जरूरतों के अनुरूप संयुक्त पहल भी विकसित की जाएंगी।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि मनोज कुमार सिंह, पूर्व सदस्य, KVIC तथा विशिष्ट अतिथि भीष्म सिंह, एडिटर-इन-चीफ, व्हाइट लाइन न्यूज़ उपस्थित रहे। टाटा स्टील फाउंडेशन की स्मिता वर्मा समेत AJU के कई संकाय सदस्य भी शामिल हुए।
JRGA फाउंडेशन की निदेशक–प्रोजेक्ट्स डॉ. शिप्रा ने “झारखंड सिल्क कॉरिडोर–फॉरेस्ट टू फैशन फॉरवर्ड” पहल की जानकारी दी। सितंबर 2026 में प्रस्तावित 120-दिवसीय पायलट प्रोजेक्ट के जरिए पारंपरिक शिल्प को आधुनिक डिजाइन, उत्पादन और बाजार से जोड़ने का लक्ष्य है। आयोजकों ने कहा कि यह साझेदारी युवाओं के लिए रोजगार और उद्यमिता के नए अवसर सृजित करने में सहायक होगी।


