उपायुक्त ने जिला निबंधन कार्यालय एवं परिसदन भवन का किया निरीक्षण, व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने के दिए निर्देश

खूंटी: उपायुक्त मो० जावेद हुसैन ने मंगलवार को जिला निबंधन कार्यालय का निरीक्षण कर कार्यालय की कार्यप्रणाली एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने कार्यालय पहुंचे आवेदकों से बातचीत कर उनके आवेदनों एवं निबंधन संबंधी कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने आवेदकों से यह भी जाना कि उन्हें आवेदन जमा करने अथवा निबंधन की प्रक्रिया में किसी प्रकार की समस्या तो नहीं हो रही है।

उपायुक्त ने अधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देश दिया कि आवेदकों से आवश्यक दस्तावेज सही एवं पूर्ण रूप से प्राप्त किए जाएं तथा दस्तावेजों की उचित जांच के बाद ही संबंधित मामलों में नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने सभी आवेदनों का ससमय निष्पादन करने तथा आवेदकों को अनावश्यक रूप से कार्यालय का चक्कर न लगाना पड़े, इसका विशेष ध्यान रखने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने निबंधन कार्यालय में किए जाने वाले विभिन्न कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी कार्य निर्धारित नियमों एवं प्रक्रिया के अनुरूप पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से किए जाएं। कार्यालय के सभी कर्मियों से उनके कार्य एवं उत्तरदायित्व की जानकारी लेते हुए अपने दायित्वों का पूरी जिम्मेदारी, तत्परता एवं संवेदनशीलता के साथ निर्वहन करने का निर्देश दिया।इस दौरान अपर समाहर्ता समेत अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।इसके पश्चात उपायुक्त ने परिसदन भवन का भी निरीक्षण किया। उन्होंने भवन की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए सौन्दर्यीकरण, आवश्यक मरम्मती, साज-सज्जा एवं साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित पदाधिकारी को परिसदन भवन को सुव्यवस्थित एवं बेहतर बनाए रखने के लिए आवश्यक कार्य समयबद्ध रूप से पूर्ण कराने को कहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *