JPSC-JSSC छात्रों से मिलने केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ और प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष आदित्य साहू,सरकार और छात्रों के संग आज तीसरे दौर की बातचीत

रांची: JPSC-JSSC परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ राजधानी रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में छात्रों का आंदोलन रविवार को 16वें दिन भी जारी है। छात्रों और राज्य सरकार के बीच अब तक दो दौर की वार्ता हो चुकी है, लेकिन दोनों पक्षों के बीच किसी ठोस समाधान पर सहमति नहीं बन पाई है। अब रविवार दोपहर 12 बजे तीसरे दौर की वार्ता प्रस्तावित है। इसे लेकर आंदोलनरत छात्रों में एक बार फिर समाधान की उम्मीद जगी है।
पिछली वार्ता के दौरान सरकार ने छात्रों से JPSC परीक्षा में कथित गड़बड़ी से संबंधित साक्ष्य उपलब्ध कराने को कहा था। छात्रों का कहना है कि उन्होंने परीक्षा से जुड़े दस्तावेज और अपनी आपत्तियों से संबंधित तमाम प्रमाण सरकार को सौंप दिए हैं। अब छात्रों की नजर सरकार के फैसले पर है।
छात्रों की प्रमुख मांगों में 14वीं JPSC परीक्षा और CGL परीक्षा रद्द करना, JPSC-JSSC में व्यापक सुधार करना तथा पूरे मामले की CBI जांच कराना शामिल है। छात्र इन मांगों पर अब भी अडिग हैं और उनका कहना है कि जब तक ठोस कार्रवाई नहीं होती, आंदोलन जारी रहेगा।
इधर रविवार को केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री **** और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष **** समेत भाजपा के कई नेता धरनास्थल पहुंचे। उनके साथ भाजपा के मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल, रांची की मेयर रोशनी खलखो और उप महापौर नीरज कुमार भी मौजूद रहे। नेताओं ने भूख हड़ताल पर बैठे छात्रों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं।
संजय सेठ और आदित्य साहू ने छात्रों को भरोसा दिलाया कि भाजपा उनकी लड़ाई में केंद्र से लेकर राज्य तक उनके साथ खड़ी है। संजय सेठ ने कहा कि लोकसभा और राज्यसभा में भाजपा सांसद झारखंड के छात्रों की आवाज उठा रहे हैं। वहीं विधानसभा के मानसून सत्र में भी पार्टी विधायक इस मुद्दे को उठा रहे हैं। उन्होंने 10 अगस्त को छात्रों द्वारा प्रस्तावित झारखंड विधानसभा घेराव को भी समर्थन देने की बात कही।
संजय सेठ ने राज्य सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि सरकार केवल वार्ता का दिखावा कर रही है और छात्रों के प्रति संवेदनशील नहीं है। उन्होंने कहा कि अब केवल बातचीत की जरूरत नहीं, बल्कि छात्रों की मांग के अनुरूप CBI जांच का आदेश देने की आवश्यकता है। उन्होंने सवाल उठाया कि राज्य सरकार CBI जांच से क्यों पीछे हट रही है। साथ ही आरोप लगाया कि सरकार अपने लोगों को बचाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि जो भी दोषी होगा, उसे सजा मिलनी चाहिए।
राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए संजय सेठ ने कहा कि दिल्ली के जंतर-मंतर के प्रदर्शन के दौरान राहुल गांधी छात्रों के मुद्दे पर काफी मुखर नजर आए, लेकिन झारखंड में छात्रों की लड़ाई के समय उनका रुख सुस्त दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि इसका कारण झारखंड में कांग्रेस के समर्थन से चल रही सरकार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *