सीबीआई जांच पर सहमति नहीं, छात्रों ने आंदोलन जारी रखने और 10 अगस्त को विधानसभा घेराव का ऐलान किया

गणादेश,रांची: मोरहाबादी मैदान स्थित स्टेट गेस्ट हाउस में छात्रों के प्रतिनिधिमंडल और सरकार के साथ वार्ता हुई। यह वार्ता दो घंटे तक चली। छात्रों की मांगों को मंत्रों ने सुना और जायज बताया। छात्रों ने 14वीं जेपीएससी परीक्षा और सीजीएल परीक्षा रद्द करने और पूरे मामले की सीबीआई जांच प्रमुख मांग है।  बैठक के बाद स्टेट गेस्ट हाउस से बाहर निकले सरकार के प्रतिनिधियों और छात्र नेताओं ने मीडिया से ज्यादा कुछ नहीं कहा। दोनों पक्षों ने केवल इतना बताया कि वार्ता सकारात्मक माहौल में हुई है और कई मुद्दों पर सहमति बनी है। हालांकि सीबीआई जांच की मांग पर निर्णय नहीं होने के कारण बातचीत का अगला दौर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के साथ होगा। छात्रों का कहना है कि अंतिम फैसला मुख्यमंत्री के साथ होने वाली बैठक के बाद ही लिया जाएगा।

छात्रों ने कहा कि सरकार ने उनकी अन्य मांगों पर सकारात्मक रुख दिखाया है, लेकिन आंदोलन का मुख्य मुद्दा सीबीआई जांच है। जब तक इस पर स्पष्ट निर्णय नहीं होता, तब तक सत्याग्रह जारी रहेगा। इसके साथ ही 10 अगस्त को विधानसभा का घेराव भी होगा।

वार्ता में छात्रों के प्रतिनिधिमंडल की ओर से आनंद कुमार, अंकित कुमार, रविंद्र कुमार, पतंजलि मंडल, रविंद्र पासवान, पीयूष कुमार, अंकित राज, कार्तिक सोरेन, शालू कुमारी, नीतू कुजूर सहित अन्य छात्र शामिल हुए।

सरकार की ओर से मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू, दीपिका पांडेय सिंह, चमरा लिंडा और संजय प्रसाद यादव बैठक में मौजूद रहे। इसके अलावा विकास आयुक्त अजय सिंह भी वार्ता में शामिल हुए।

अब सभी की नजर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और छात्र प्रतिनिधियों के बीच प्रस्तावित अगली बैठक पर टिकी है। माना जा रहा है कि इसी बैठक में सीबीआई जांच समेत प्रमुख मांगों पर अंतिम फैसला हो सकता है, जिसके बाद छात्र अपने आंदोलन की आगामी रणनीति तय करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *