SLPS कर्मियों को बड़ी सौगात: नई HR पॉलिसी मंजूर, 1300 नए पद सृजित होंगे, वेतन-भत्तों में बड़ा इजाफा

रांची: झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (JSLPS) के अधीन कार्यरत कर्मियों के लिए राज्य सरकार ने बड़ी सौगात दी है। लंबे समय से लंबित नई मानव संसाधन (HR) नीति को मंजूरी मिल गई है। ग्रामीण विकास, ग्रामीण कार्य एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने बताया कि उनकी विशेष पहल पर इस नीति को स्वीकृति मिली है, जिससे कर्मचारियों के हितों की रक्षा के साथ-साथ संस्थान की कार्यक्षमता भी बढ़ेगी। नई HR पॉलिसी लागू होने के बाद JSLPS में करीब 1,300 अतिरिक्त पदों का सृजन होगा। इससे राज्य के बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर उपलब्ध होंगे और ग्रामीण विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को भी गति मिलेगी।नई व्यवस्था के तहत L-5 से L-8 स्तर तक के कर्मचारियों के वेतन में 60 प्रतिशत तक की वृद्धि की गई है। इसके अलावा लैपटॉप एवं संचार भत्ते में बढ़ोतरी की गई है ताकि कर्मचारी आधुनिक कार्य प्रणाली के अनुरूप बेहतर ढंग से काम कर सकें। पहली बार JSLPS कर्मियों को शिक्षा भत्ता और व्यावसायिक विकास भत्ता भी मिलेगा, जिससे उनके परिवार के शैक्षणिक विकास और स्वयं के कौशल उन्नयन को बढ़ावा मिलेगा।स्वास्थ्य सुविधाओं को भी नई नीति में विशेष प्राथमिकता दी गई है। अब कर्मचारी प्रत्येक माह 1,000 रुपये तक स्वास्थ्य व्यय का दावा कर सकेंगे। पात्र कर्मियों को ग्रेच्युटी का लाभ मिलेगा, जबकि प्रखंड स्तर पर कार्यरत कर्मचारियों के क्षेत्र भ्रमण भत्ते में वृद्धि की गई है। जिला स्तर के कर्मचारियों को भी पहली बार क्षेत्र भ्रमण भत्ते का लाभ मिलेगा।

बीमा सुरक्षा के दायरे का भी व्यापक विस्तार किया गया है। कर्मचारियों के समूह व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा की राशि 20 लाख रुपये से बढ़ाकर 30 लाख रुपये कर दी गई है। वहीं समूह मेडिक्लेम बीमा की सीमा 5 लाख रुपये से बढ़ाकर 20 लाख रुपये कर दी गई है, जिससे गंभीर बीमारी या आकस्मिक चिकित्सा की स्थिति में कर्मचारियों और उनके परिवारों को बेहतर आर्थिक सुरक्षा मिल सकेगी।ग्रामीण विकास, ग्रामीण कार्य एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि यह निर्णय JSLPS कर्मियों के “सुरक्षित, समृद्ध और खुशहाल भविष्य” की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि लंबे समय से नई HR नीति लागू करने की मांग की जा रही थी और अब सरकार ने इसे मंजूरी देकर कर्मचारियों की अपेक्षाओं को पूरा किया है। मंत्री ने विश्वास जताया कि नई व्यवस्था से रोजगार के अवसर बढ़ेंगे, संस्थान की कार्यक्षमता में सुधार होगा और JSLPS आने वाले समय में ग्रामीण विकास के क्षेत्र में नई उपलब्धियां हासिल करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *