बाबा अम्रेश्वर धाम पहुंचे अर्जुन मुंडा, पत्नी मीरा मुंडा संग की पूजा-अर्चना
खूंटी: सावन माह के पावन अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा और उनकी पत्नी मीरा मुंडा ने गुरुवार को खूंटी जिले के अंगरावारी स्थित प्रसिद्ध बाबा अम्रेश्वर धाम पहुंचकर विधिवत भगवान भोलेनाथ की पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने बाबा भोलेनाथ का जलाभिषेक कर क्षेत्र की सुख-शांति, समृद्धि और सर्वांगीण विकास की कामना की।
पूजा-अर्चना के दौरान अर्जुन मुंडा और मीरा मुंडा ने भगवान महादेव से सभी लोगों के जीवन में सुख, शांति और खुशहाली बनाए रखने की प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि सावन का महीना भगवान शिव की आराधना और आस्था का विशेष पर्व है। इस पवित्र अवसर पर बाबा अम्रेश्वर धाम में पूजा कर उन्होंने क्षेत्र और प्रदेश की समृद्धि की कामना की।
अर्जुन मुंडा ने कहा, “देवों के देव महादेव की कृपा से सबका कल्याण हो और हमारा क्षेत्र निरंतर विकास के पथ पर अग्रसर रहे।” उन्होंने बाबा भोलेनाथ से लोगों के जीवन में सुख-समृद्धि और शांति बनाए रखने की प्रार्थना की।
सावन माह में बाबा अम्रेश्वर धाम में श्रद्धालुओं की विशेष आस्था रहती है। पूजा के दौरान मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का दर्शन कर सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली के लिए प्रार्थना की।


