झारखंड में फिल्म उद्योग को मिलेगी नई उड़ान, SRFTI के सहयोग से युवाओं को मिलेगा विश्वस्तरीय प्रशिक्षण

रांची: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड में फिल्म निर्माण की अपार संभावनाएं हैं और राज्य सरकार युवाओं की रचनात्मक प्रतिभा को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंच उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। इसी उद्देश्य से झारखंड फिल्म डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड और सत्यजीत रे फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट , कोलकाता के बीच हुए समझौता को उन्होंने राज्य के फिल्म उद्योग के लिए ऐतिहासिक कदम बताया।
रांची स्थित झारखंड मंत्रालय सभागार में आयोजित हस्ताक्षर समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट के पूरी तरह शुरू होने से पहले ही अल्पकालिक प्रशिक्षण पाठ्यक्रम संचालित किए जाएंगे। इनमें साउंड डिजाइनिंग, एडिटिंग, एनिमेशन, स्क्रिप्ट एवं स्क्रीनप्ले लेखन, सिनेमैटोग्राफी, निर्देशन और फिल्म प्रोडक्शन जैसे विषय शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि यह प्रशिक्षण केवल फिल्मों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि ओटीटी प्लेटफॉर्म और सोशल मीडिया कंटेंट निर्माण के क्षेत्र में भी युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर पैदा करेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की दूरदर्शी सोच के परिणामस्वरूप झारखंड फिल्म डेवलपमेंट कॉरपोरेशन का गठन हुआ और अब SRFTI जैसे प्रतिष्ठित संस्थान के सहयोग से राज्य के युवाओं को विश्वस्तरीय तकनीकी प्रशिक्षण मिलेगा। उन्होंने कहा कि झारखंड प्रतिभाओं से समृद्ध है, लेकिन अब तक उन्हें उचित मंच और आधुनिक प्रशिक्षण नहीं मिल पाया था। JFTI इस कमी को दूर करेगा और स्थानीय कलाकारों की प्रतिभा को निखारने का कार्य करेगा।
उन्होंने कहा कि आज फिल्म, वेब सीरीज और डिजिटल कंटेंट तेजी से रोजगार का बड़ा माध्यम बन रहे हैं। ऐसे में यह संस्थान युवाओं को कैमरे के सामने और कैमरे के पीछे दोनों क्षेत्रों में पेशेवर अवसर उपलब्ध कराएगा। मुख्यमंत्री ने ‘दिल बेचारा’, ‘एम.एस. धोनी: द अनटोल्ड स्टोरी’ और ‘गैंग्स ऑफ वासेपुर’ जैसी फिल्मों की झारखंड में हुई शूटिंग का उल्लेख किया। साथ ही राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता संथाली फिल्म ‘आंगेन’ का जिक्र करते हुए कहा कि राज्य में प्रतिभाओं की कमी नहीं है, जरूरत केवल सही मार्गदर्शन और प्रशिक्षण की है।
उन्होंने डॉ. रामदयाल मुंडा के प्रसिद्ध कथन “जे नाची से बाची” का उल्लेख करते हुए कहा कि झारखंड के हर व्यक्ति के भीतर एक कलाकार मौजूद है और JFTI उस प्रतिभा को पहचानकर राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने का माध्यम बनेगा।
कार्यक्रम में वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर, SRFTI के कुलपति समीरन दत्ता, मुख्य सचिव अविनाश कुमार सहित कई वरिष्ठ अधिकारी, शिक्षाविद, फिल्मकार और विद्यार्थी उपस्थित रहे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने फिल्मकार बीजू टोप्पो, रविराज मुर्मू, अनुज कुमार और निरंजन कुजूर को फिल्म जगत में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित भी किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *